home page

समुद्र में डूबने से 8 छात्रों की मौत पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने जताया शोक

 | 

मुंबई,01 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के रायगढ़ ज़िले के दिवेआगर बीच पर गुरुवार को एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। हादसे में आठ छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर शोक जताया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि मैं उन्हें दिल से श्रद्धांजलि देता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम इन सभी परिवारों के दुख में शामिल हैं। ये सभी छात्र आलंदी के हैं। स्थानीय प्रशासन उनके शवों को आलंदी ले जाने के लिए कोऑर्डिनेट कर रहा है। इस घटना की जानकारी मिलते ही उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने रायगढ़ के जिलाधिकारी से फोन पर बात की और घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन को तुरंत बचाव व राहत कार्य और हालात पर नजर रखने के निर्देश दिए। सुनेत्रा पवार ने हादसे पर शोक जताया है और प्रशासन को तुरंत सभी जरूरी मदद व कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दिवेआगर बीच घूमने आए पुणे के 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। हादसे की वजह समुद्र में अचानक आई तेज लहरें और पानी की गहराई का सही अंदाजा न होना बताई जा रही है। पुणे जिले के आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी नाम की एक प्राइवेट कोचिंग क्लास के 42 छात्र दिवेआगर में पिकनिक मनाने आए थे। इनमें 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र शामिल थे। ग्रुप के आठ छात्र समुद्र में तैरने के लिए पानी में उतरे थे। इसी दौरान पानी का स्तर अचानक बदल गया। तेज बहाव और उठती ऊंची लहरों की चपेट में आने से सभी 8 विद्यार्थी गहरे पानी में बह गए।

इस हादसे में तन्मय दत्तात्रय वहीले, सुमित भरत अहिरे, प्रणव रामदास बनसोडे, कैवल्य सतीश वासनकर, राजवीर युवराज वहीले, यश किरण वानखेडे, सोहम तुकाराम भांडवलकर और कौस्तुभ संदीप दौंड की मौत हुई है। सभी विद्यार्थी की उम्र 16 वर्ष की बताई जा रही है. सभी पुणे के आलंदी के रहने वाले थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार