home page

बांद्रा के कलानगर में मिला 8 फुट लंबा अजगर

 | 

मुंबई, 5 अक्टूबर (हि.स.)। बांद्रा पूर्व के कलानगर इलाके में सोमवार को सड़क किनारे एक झुग्गी बस्ती में 8 फीट लंबा एक अजगर सांप देखा गया। इससे लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस और सर्प मित्र को दी। सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया है।

अजगर के बारे में जानकारी मिलने पर सर्प मित्र अतुल कांबले ने अंधेरी राउंड के बांद्रा राउंड ऑफिसर दीपक दादा गायकवाड़ और संबंधित मुंबई रेंज कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। लोगों के डर और इलाके में कुत्तों के भौंकने की वजह से अजगर पास में रखे लोहे के एक खंभे पर जाकर बैठ गया था। अजगर का चोट लगने से बचाने और रेस्क्यू ऑपरेशन को सुरक्षित रूप से करने के लिए संबंधित लोहे के बिजली के खंभे को उठाकर खुली जगह पर ले जाया गया। इसके बाद करीब डेढ़ से दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर अजगर को उस पाइप से निकाला गया जिसमें वह फंसा हुआ था। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार अजगर लोहे के पोल से बाहर आ गया। अजगर के बाहर आते ही पुलिस के सर्प मित्र सचिन मोरे ने उसे बड़ी कुशलता और सावधानी से काबू में किया। अजगर को सुरक्षित रूप से पाइप से निकाल लिया गया। इससे इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की गाइडलाइंस और नियमों अनुसार उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया जाएगा।

अजगर करीब 8 फुट लंबा इंडियन रॉक पायथन है और यह जहरीला सांप नहीं है। इंडियन रॉक पाइथन भारत में पाए जाने वाले सबसे बड़े बिना ज़हरीले सांपों में से एक है। पिछले महीने 18 सितंबर 2026 को इसी इलाके में 11 फुट लंबे अजगर ने एक बिल्ली को फंसाकर मार डाला था। इस वजह से इलाके के लोगों में अजगर को लेकर काफी डर था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार