म्हाडा के घरों के लिए 75,366 आवेदन
मुंबई, 01 जून (हि.स.)। म्हाडा के मुंबई बोर्ड के 2,640 आवासीय फ्लैटों के लिए कुल 75,366 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रत्येक फ्लैट के लिए औसतन 28.54 आवेदन आए हैं। लॉटरी के ड्रॉ की तारीख, समय और स्थान की घोषणा 25 जून के बाद की जाएगी।
विधान परिषद के निकाय संस्थाओं के चुनाव के कारण 25 जून तक आदर्श आचार संहिता लागू है। आचार संहिता समाप्त होने के बाद कम्प्यूटरीकृत लॉटरी की तारीख घोषित की जाएगी। म्हाडा के घरों के लिए आवेदन प्रक्रिया 30 मार्च को शुरू हुई थी और 28 मई अंतिम तारीख थी। म्हाडा अधिकारियों के अनुसार कम बिक्री मूल्य, आधुनिक सुविधाएं, पार्किंग, गुणवत्तापूर्ण निर्माण, प्रमुख स्थानों पर उपलब्धता और बाजार मूल्य से कम कीमत जैसे कारणों से योजना को व्यापक प्रतिसाद मिला है। लॉटरी के तहत विक्रोली के कन्नमवार नगर, गोरेगांव के पत्रा चॉल और पहाड़ी क्षेत्र, बोरीवली के गोराई एवं ओल्ड मगाथेन, चेंबूर के सुभाष नगर, बांद्रा के गांधीनगर, घाटकोपर के पंतनगर, दादर के लोकमान्य नगर, पवई, वडाला, एंटॉप हिल, गिरगांव और माझगांव सहित मुंबई के कई प्रमुख इलाकों में फ्लैट उपलब्ध कराए गए हैं।
इस लॉटरी में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 145, निम्न आय वर्ग के लिए 858, मध्यम आय वर्ग के लिए 798 और उच्च आय वर्ग के लिए 839 फ्लैट शामिल हैं। म्हाडा ने विक्रोली (पूर्व) स्थित कन्नमवार नगर की योजना क्रमांक 538 और 539 के तहत निर्माणाधीन 1,221 फ्लैटों की कीमत में 7.5 प्रतिशत की कटौती भी की है। इनमें से 610 फ्लैट नई योजना 538-ए और 539-ए के तहत विशेष रूप से उच्च आय वर्ग के आवेदकों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

