home page

बोरीवली के केबल-स्टेड ब्रिज का काम 70 प्रतिशत पूरा

 | 

मुंबई, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर मुंबई के बोरीवली में ट्रैफिक जाम की समस्या से जल्द राहत मिल सकेगी। मुंबई महानगरपालिका ने पश्चिमी उपनगर में 341.59 करोड़ रुपये की लागत से केबल-स्टेड फ्लाईओवर का निर्माण शुरू किया है। इसके बनने के बाद वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और लिंक रोड के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही वाहन चालकों को ट्फिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इस परियोजना को मई 2028 में पूरा करने का लक्ष्य़ निर्धारित किया गया है।

मनपा अधिकारियों के अनुसार परियोजना में नींव और सब-स्ट्रक्चर का लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जबकि सुपर-स्ट्रक्चर का काम चल रहा है। ब्रिज शुरू होने के बाद यात्रा का समय और ईंधन में बचत होगी। इससे प्रदूषण में भी कमी आएगी। बोरीवली पश्चिम से दत्तपाड़ा रोड के रास्ते वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे तक पहुंचने के लिए वाहन चालकों को राजेंद्र नगर जंक्शन, दत्तपाड़ा क्रॉस रोड जंक्शन और सुस्वागत होटल के पास स्थित टी-जंक्शन से गुजरना पड़ता है। ट्रैफिक जाम की समस्या जूझना पड़ता है। नया फ्लाईओवर इन तीनों जंक्शनों को बायपास करने में मदद करेगा। जनरल करियप्पा रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के पूर्वी हिस्से की अप्रोच रोड से फ्लाईओवर शुरू होगा। इसका दूसरा सिरा बोरीवली पूर्व में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से करीब 70 मीटर पहले उतरेगा। पुल की कुल लंबाई 880 मीटर और चौड़ाई 15.3 से 21.5 मीटर होगी। इसमें 500 मीटर का हिस्सा केबल-स्टेड तकनीक से बनाया जाएगा।

इस परियोजना का महत्व केवल स्थानीय यातायात तक सीमित नहीं है। इसे आगामी मुंबई कोस्टल रोड परियोजना (उत्तर) और ठाणे-बोरीवली ट्विन टनल परियोजना से जोड़ने की भी है। मैगाथाने बस डिपो के पास प्रस्तावित कनेक्टिविटी से भविष्य में यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार