उमरखाड़ी में बनेंगी सात गगनचुंबी इमारतें
मुंबई, 10 जून (हि..स.)। दक्षिण मुंबई के भायखला स्थित उमरखाड़ी की 81 पुरानी इमारतों को तोड़कर म्हाडा ने 7 गगनचुंबी इमारतें बनाने का फैसला किया। नई इमारतों में 1928 फ्लैट बनाए जाएंगे और 268 नॉन-रेजिडेंशियल यूनिट्स का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना की लागत 4,501.97 करोड़ रुपये आंकी गई है।
म्हाडा ने उमरखड़ी के लिए एक मास्टर प्लान बनाया है। इसके तहत 6.23 एकड़ जमीन पर 40 से 81 मंजिल की 7 गगनचुंबी इमारतें बनाई जाएंगी। उमरखड़ी इलाके में 70-80 साल पुरानी इमारतें हैं। म्हाडा ने इन पुरानी इमारतों के पुनर्विकास की योजना बनाई है। इस प्रस्ताव को जल्द ही अगली मंजूरियों के लिए पेश किया जाएगा। कमाठीपुरा में जर्जर सीस बिल्डिंग्स के रीडेवलेपमेंट का काम कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी के जरिए चल रहा है। म्हाडा ने अब उमरखडी को विकसित करने का निर्णय लिया है। म्हाडा ने इस इलाके में करीब 25,237 वर्ग मीटर क्षेत्र में पीएमजीपी, सेस और निजी इमारतों को पुनर्विकास का फैसला किया है।
महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) अधिकारियों के अनुसार इस बड़ी परियोजना की अनुमानित लागत करीब 4,501.97 करोड़ रुपये है। इस परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद पात्रता तय करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नई इमारतों के निर्माणकार्य के दौरान पहले साल पात्र रहिवासियों को हर महीने 25 हजार रुपये किराया दिया जाएगा। परियोजना के दूसरे साल में किराया 27,500 रुपये और तीसरे साल में 30,250 रुपये प्रति महीना होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

