home page

कुर्ला में 6 महीने के बच्चे की चोरी

 | 

मुंबई. 03 अगस्त (हि.स.)। कुर्ला इलाके से एक छह महीने के बच्चे को चोरी हो गई। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाई और बच्चे को 4 घंटे में सुरक्षित बचा लिया गया। विनोबा भावे नगर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से आरोपी सफल नहीं हो सके। मां को उसका बच्चा सौंप दिया गया है।

शिकायतकर्ता सोनिया कांबले का 6 महीने का बेटा बाबू घर में सो रहा था। इसी दौरान अमन आनंद सकट (25) नामक आरोपी ने बच्चे का अपहरण कर लिया। रविवार की सुबह 5:30 से 6:00 बजे के बीच कुर्ला पश्चिम के हलाव पूल इलाके में यह घटना हुई थी। सोनिया ने विनोबा भावे नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमित ताड ने सभी पेट्रोलिंग टीमों को अलर्ट कर दिया।

डीसीपी गणेश शिंदे के निर्देश पर घाटकोपर, तिलक नगर और नेहरू नगर पुलिस की कई टीमें बनाई गईं। विद्याविहार रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी बच्चे को लेकर ट्रेन से ठाणे की ओर जाता दिखा। जानकारी मिलते ही ठाणे पुलिस आयुक्तालय और रेलवे पुलिस को सतर्क कर दिया गया। शाम को विष्णु नगर पुलिस स्टेशन (ठाणे) से सूचना मिली कि बच्चा उनके क्षेत्र में सुरक्षित मिल गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार