पंढरपुर के लिए दौड़ेंगी एसटी की 5,500 विशेष बसें
मुंबई, 12 जुलाई (हि.स.)। आषाढ़ी यात्रा में पंढरपुर पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एसटी महामंडल ने इस वर्ष 5,500 विशेष बसें चलाने की तैयारी की है। राज्य के किसी भी गांव से 40 या उससे अधिक श्रद्धालुओं का समूह होने पर पंढरपुर तक सीधे विशेष बस उपलब्ध कराई जाएगी।
पंढरपुर आषाढ़ी यात्रा के दौरान भगवान श्री विठ्ठल-रुक्मिणी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल ने व्यापक तैयारी की है। परिवहन मंत्री व एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक के अनुसार यात्रा अवधि में 5,500 विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। यह घोषणा उन्होंने चंद्रभागा बस स्थानक पर आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान की। उन्होंने बताया कि राज्य के किसी भी गांव से 40 या उससे अधिक श्रद्धालुओं का समूह विशेष बस की मांग करता है, तो उस गांव से सीधे पंढरपुर तक एसटी बस उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए श्रद्धालुओं को अपने निकटतम एसटी डिपो में पंजीकरण कराना होगा। इस विशेष सेवा में भी सरकार की सभी यात्री रियायतें लागू रहेंगी।
मंत्री सरनाईक के अनुसार महिलाओं को 'महिला सम्मान योजना' के तहत किराए में 50 प्रतिशत की छूट और 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को 'अमृत ज्येष्ठ नागरिक योजना' के तहत नि:शुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पंढरपुर और आसपास विशेष बस स्टॉप, अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

