दिसंबर से पनवेल-कर्जत के बीच रोजाना दौड़ेंगी 50 लोकल
मुंबई, 12 अक्टूबर (हि.स.)। पनवेल-कर्जत के बीच दिसंबर महीने से राह आसान हो जाएगी। इस रूट पर पहले चरण में रोजाना 50 लोकल ट्रेनें दौड़ेंगी। यात्रा का समय करीब 30 मिनट तक कम होने की उम्मीद है। मुंबई रेल विकास कारपोरेशन की एमयूटीपी-3 परियोजना के तहत बनाए जा रहे इस दोहरे रेल मार्ग का करीब 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
इस परियोजना पर करीब 2,782 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। पनवेल-कर्जत के बीच दोहरी रेल लाइन पर पनवेल, चिखले, पोयंजे, चौक और कर्जत सहित पांच रेलवे स्टेशन बनाए गए हैं। इसके अलावा 3 सुरंग, 5 फ्लाईओवर और 16 अंडरपास भी बनाए गए हैं। पनवेल-कर्जत रेल मार्ग को यातायात के लिए शुरू करने से पहले तकनीकी परीक्षण किए जा रहे हैं। परीक्षण पूरा होने के बाद अंतिम मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद पहले चरण में 12 डिब्बों वाली 50 लोकल ट्रेनें रोजाना चलाने की योजना है।
मध्य रेल के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार अगले चरण में यात्रियों की संख्या और जरूरत को देखते हुए सेवा का विस्तार किया जाएगा। 15 डिब्बों वाली लोकल और एसी लोकल शुरू करने पर भी विचार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

