2 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित एम्बरग्रीस के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
मुंबई, 3 अगस्त, (हि. स.)। मीरा भायंदर-वसई विरार आयुक्तालय की वसई पुलिस ने प्रतिबंधित एम्बरग्रीस (व्हेल मछली की उल्टी) की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने जाल बिछाकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करीब 2 करोड़ 7 लाख 12 हजार रुपये की एम्बरग्रीस, एक बाइक और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त को सूचना मिली थी कि जी.जी. कॉलेज के पीछे दो संदिग्ध युवक प्रतिबंधित एम्बरग्रीस की बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने मौके पर घेराबंदी की और बाइक से पहुंचे उदित सातवसे (38) तथा कृष्णाकांत देसाई (34) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके बैग से 2 किलो 58 ग्राम एम्बरग्रीस बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2 करोड़ 5 लाख 80 हजार रुपये बताई गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने नवघर बस डिपो क्षेत्र में छापा मारकर विशाल ठाकरे (28), अकिल के. कृष्णा पीवी (28) और सुहाद टीपी मोईद्दीन कोया (32) को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह प्रतिबंधित एम्बरग्रीस को केरल से वसई लाया था और ऊंची कीमत पर बेचने की तैयारी कर रहा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। इस मामले में वसई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एम्बरग्रीस स्पर्म व्हेल से जुड़ा अत्यंत दुर्लभ पदार्थ है, जिसका उपयोग महंगे इत्र और कुछ विशेष उत्पादों में किया जाता है। भारत में इसका व्यापार और तस्करी वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत प्रतिबंधित है, इसलिए इसकी बरामदगी को गंभीर वन्यजीव अपराध माना जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

