home page

नवरात्रोत्सव के दौरान दो गुट भिड़े, 4 गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 12 अक्टूबर, (हि. स.)।नवरात्रोत्सव के दौरान नालासोपारा पूर्व के आचोले मित्र मंडल में रविवार रात दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इसमें दोनों पक्षों के करीब 9 से 10 लोग घायल हो गए। मंडल की मूर्ति तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर 4 को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 महिलाओं को नोटिस दिया गया है। पुलिस के अनुसार, संतोष भुवन में नवरात्रोत्सव के दौरान एक टेम्पो चालक और कृष्णा नामक युवक के बीच संकरे रास्ते को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि मंडल के कार्यकर्ताओं ने युवक की पिटाई कर उसे वहां से भगा दिया। कुछ समय बाद वह अपने समर्थकों के साथ लौटा। इसके बाद दोनों गुटों में मारपीट और पत्थरबाजी हो गई। घायलों काे तुलिंज अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। घायल विशाल सिंह ने आरोप लगाया कि 10 से 15 लोग लाठी-बांस लेकर आए और मंडल के कार्यकर्ताओं पर हमला किया। उसने मूर्ति तोड़ने का भी आरोप लगाया। वहीं, एक घायल महिला ने 50 से 60 लोगों के आने और मारपीट करने का दावा किया। दूसरे पक्ष के शिव यादव का कहना है कि उसके मित्र के साथ पहले मारपीट हुई थी, वे जवाब मांगने पहुंचे थे। तुलिंज पुलिस के वरिष्ठ निरीक्षक विजय जाधव ने बताया कि मामले में 7 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन महिलाओं को नोटिस दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार