दही हांडी में 376 गोविंदा घायल
मुंबई, 06 सितंबर (हि.स.)। दही हांडी उत्साह का पर्व मुंबई में हर्षोल्लाहास के साथ मनाया गया। हालांकि हादसों की वजह से चिंता बढ़ गई है। हांडी फोड़ने के दौरान कुल 376 गोविंदा घायल हुए। इनमें 53 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 37 का इलाज जारी है। 286 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
दही हांडी में गोविंदा पथक मानव पिरामिड बनाकर दही, दूध या मक्खन से भरी मिट्टी की हांडी फोड़ते हैं। यह परंपरा भगवान कृष्ण के बाल रूप से जुड़ी घटना का प्रतीक मानी जाती है। मुंबई में शनिवार को दही हांडी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। शहर के विभिन्न इलाकों में ऊंचाई पर लटकी हंडी फोड़ने के लिए गोविंदा पथकों ने कई स्तरों वाले मानव पिरामिड बनाए।
इस दौरान बड़ी संख्या गोविंदा सड़कों पर उमड़े। हांडी फोड़ने के प्रयास में कुल 376 गोविंदा घायल हुए। घायलों को सरकारी और मुंबई मनपा के विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाया गया। इनमें केईएम अस्पताल, नायर अस्पताल, सायन अस्पताल, राजावाड़ी अस्पताल, एचबीटी ट्रॉमा केयर सेंटर, वी. देसाई अस्पताल और बीडीबीए अस्पताल शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

