home page

मुंबई में 3,563 बेटियों को मिलेगा 'लेक लाडकी योजना' लाभ

 | 

मुंबई, 29 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'लेक लाडकी योजना' का लाभ मुंबई की बेटियों को मिलेगा। इस यजना के तहत मुंबई शहर और उपनगरों की 3,563 पात्र बेटियों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह लाभ मुख्य रूप से उन परिवारों को मिलेगा जिनके पास पीला या नारंगी राशन कार्ड है और जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपए से अधिक नहीं है।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य लड़कियों की जन्म दर में वृद्धि करना, बाल विवाह को रोकना और महिला शिक्षा को सशक्त बनाना है। 1 अप्रैल 2023 या उसके बाद जन्म लेने वाली अधिकतम दो बेटियों को इस योजना का लाभ मिल सकेगा। परिवार का महाराष्ट्र का निवासी होना अनिवार्य है।इसमें बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा तक कुल 1,01,000 रुपए की आर्थिक मदद दी जाती है। जन्म के समय 5,000 रुपए, पहली कक्षा में 6,000 रुपए, छठी कक्षा में 7,000 रुपए और 11वीं कक्षा में 8,000 रुपए दिए जाते हैं। बेटी के 18 वर्ष पूरे होने और अविवाहित रहने पर 75,000 रुपए का अंतिम लाभ दिया जाता है।

आवेदन के लिए जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और राशन कार्ड जैसे दस्तावेजों के साथ नजदीकी आंगनवाड़ी सेविका से संपर्क करना होगा। दस्तावेजों की जांच के बाद ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से यह आर्थिक लाभ सीधे खाते में दिया जाता है। इसकी सहयता के लिए https://icds.gov.in/en/schemes/lek-ladki-yojana वेबसाइट उपलब्ध कराई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार