एमएमआरडीए से नारिंगी खाड़ी पर 3+3 लेन पुल को मंजूरी, कम होगी पालघर यात्रा की दूरी
मुंबई, 19 नवंबर, (हि.स.)। वसई-विरार और पालघर जिले के यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण नारिंगी खाड़ी पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। पालघर जिले के दातिवरे जेट्टी से वसई-विरार के मारंबल पाड़ा जेट्टी को जोड़ने वाले इस पुल के निर्माण को मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) द्वारा मंजूरी दे दी गई है।
वर्तमान में वसई-विरार से पालघर की ओर जाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-48 प्रमुख मार्ग है, और इस मार्ग से यात्रा करने में लगभग दो घंटे का समय लगता है। हालांकि, प्रस्तावित नारिंगी खाड़ी पुल के कारण यह दूरी लगभग 25 किलोमीटर कम हो जाएगी और यात्रा के समय में अनुमानित एक घंटे की बचत होने की उम्मीद है।
इससे आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारियों और एमआईडीसी (औद्योगिक) क्षेत्र को भी इस परियोजना का लाभ मिल सकता है। विशेष रूप से, यह पुल न केवल दो भौगोलिक क्षेत्रों को जोड़ने वाला एक यातायात विकल्प साबित होगा, बल्कि भविष्य में पालघर जिले में प्रस्तावित हवाई अड्डे और वाढवण बंदरगाह के विकास को भी अप्रत्यक्ष संपर्क उपलब्ध कराने की दृष्टि से महत्वपूर्ण हो सकता है।
भविष्य में यातायात की संभावित आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इस पुल की संरचना 3+3 लेन की प्रस्तावित की गई है। इसके साथ ही पुल को जोड़ने वाली वर्तमान संकरी सड़कों के चौड़ीकरण और विकास कार्य भी इसमें प्रस्तावित हैं। बढ़ते शहरीकरण, औद्योगिक विस्तार और भविष्य की बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता को देखते हुए नारिंगी खाड़ी पुल को वसई-विरार और पालघर जिले के विकास की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इस परियोजना से वर्तमान यातायात व्यवस्था को एक वैकल्पिक मार्ग मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

