कोल्हापुर-सांगली के लिए 3200 करोड़ रुपये की 'एमआरडीपी' योजना
मुंबई, 27 जुलाई (हि.स.)। कोल्हापुर-सांगली में बाढ़ समस्या का स्थाई समाधान निकालने के लिए 3200 करोड़ रुपये की 'एमआरडीपी' योजना बनाई गई है। इसके लिए महाराष्ट्र सरकार और विश्व बैंक मिलकर सहयोग करेंगे।
महाराष्ट्र सरकार और विश्व बैंक ने मिलकर महाराष्ट्र उत्तरदायी विकास कार्यक्रम (एमआरडीपी) के तहत 3200 करोड़ रुपये की एक विकास परियोजना तैयार की है। इसका उद्देश्य पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर, सांगली और इचलकरंजी शहरों के लिए दीर्घकालिक बाढ़ नियंत्रण प्रणाली का निर्माण करना है। इस परियोजना के माध्यम से कृष्णा व पंचगंगा नदियों की वर्षा जल भंडारण क्षमता और जल वहन क्षमता में वृद्धि की जाएगी। साथ ही वर्षा जल निकासी प्रणाली को अधिक कुशल बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को बताया कि यह एमआरडीपी परियोजना कोल्हापुर, सांगली और इचलकरंजी शहरों में बाढ़ पर नियंत्रण पाने की दिशा में बड़ा कदम होगा। महाराष्ट्र इन्स्टिट्यूट फॉर ट्रान्सफॉर्मेशन (मित्रा) इस परियोजना के वास्तविक कार्यों की निगरानी के लिए मुख्य परियोजना प्रबंधन इकाई के रूप में कार्य करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुसार मुझे खुशी है कि महाराष्ट्र सरकार और विश्व बैंक ने कोल्हापुर-सांगली की बाढ़ समस्या के स्थायी समाधान के लिए मिशन एमआरडीपी के तहत इस योजना को लागू करने का फैसला किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

