home page

मराठी भाषा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 3 हजार ऑटो और टैक्सी चालकों को प्रमाणपत्र वितरित

 | 
मराठी भाषा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 3 हजार ऑटो और टैक्सी चालकों को प्रमाणपत्र वितरित


मुंबई, 4 सितंबर, (हि. स.)। महाराष्ट्र शासन के परिवहन विभाग, राज्य मराठी विकास संस्था, कोकण मराठी साहित्य परिषद और मुंबई मराठी साहित्य संघ के संयुक्त तत्वावधान में गैर-मराठी ऑटोरिक्शा-टैक्सी चालकों के लिए पूरे महाराष्ट्र में हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे मराठी पाठ्यक्रम अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पालघर जिले के नालासोपारा स्थित दुबे एस्टेट केंद्र पर तीन हजार गैर-मराठी ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों ने व्यवहारिक मराठी भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिन्हें प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर नालासोपारा के विधायक राजन नाईक, वसई की विधायक स्नेहा दुबे पंडित, वसई-विरार शहर महानगरपालिका में नेता प्रतिपक्ष मनोज पाटिल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र पाटिल, अभियान की राज्य समन्वयक डॉ. ज्योती ठाकरे, दुबे एस्टेट के नवीन दुबे, विशाल दुबे, नवनीत दुबे, मानव दुबे, वसई आरटीओ अधिकारी अभिजीत पाटिल, नालासोपारा आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज की ट्रस्टी डॉ. ऋजुता ओमप्रकाश दुबे सहित जनप्रतिनिधियों व गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम में उपस्थित रहकर प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए।

समापन समारोह के समय केंद्र संचालिका और प्रशिक्षिका डॉ. सुरेखा धनावडे ने कहा कि दुबे एस्टेट केंद्र के अमित ओमप्रकाश दुबे के सहयोग से तीन हजार ऑटो रिक्शा चालकों को प्रशिक्षण दिया जा सका। इस उपक्रम में उनकी भूमिका सराहनीय और अनुकरणीय रही है। उनके सहयोग के बिना यह काम होना असंभव था। इस कार्य में प्रशिक्षिका वर्षा भोसले और रोहिणी जाधव का विशेष सहयोग मिला। सहायक के रूप में ऋषभ तिवारी, सोनिया यादव, दीपक माने, सुधीर पाटिल, विशेष पाटिल, नकुल खताते, अनिता जायसवाल और तमन्ना शेख का भी सराहनीय योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार