मुंबई-अयोध्या के बीच अमृत भारत ट्रेन की 24 फेरियां
मुंबई, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य रेलवे ने दिवाली और छठ पर भारी भीड़ को देखते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनस और अयोध्या कैंट के बीच अमृत भारत रैक से 24 साप्ताहिक विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इससे उत्तर प्रदेश की यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
मध्य रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 01045 एलटीटी-अयोध्या कैंट स्पेशल 19 अक्टूबर से 27 नवंबर तक हर सोमवार और शुक्रवार सुबह 7.35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10.15 बजे अयोध्या पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01046 अयोध्या कैंट-एलटीटी स्पेशल 20 अक्टूबर से 28 नवंबर तक हर मंगलवार और शनिवार दोपहर 1.50 बजे चलकर अगले दिन शाम 5.15 बजे मुंबई पहुंचेगी।
यह ट्रेन कल्याण, इगतपुरी, नासिक, मनमाड, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, प्रयागराज और सुल्तानपुर सहित 15 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में आठ स्लीपर और 11 सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच होंगे। आरक्षित सीटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि सामान्य डिब्बों के टिकट यूटीएस और रेलवन ऐप से लिए जा सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

