एयर इंडिया बिल्डिंग के नवीनीकरण के लिए 181 करोड़ स्वीकृत
मुंबई, 14 जून (हि.स.)। दक्षिण मुंबई के नरीमन पॉइंट स्थित एयर इंडिया बिल्डिंग नवीनीकरण किया जाएगा। इसके लिए महाराष्ट्र सरकार ने 181 करोड़ रुपए की निधि स्वीकृत की है।
मंत्रालय के करीब स्थित इस 23 मंजिला इमारत को राज्य सरकार ने हाल ही में 1,601 करोड़ रुपए में खरीदा है। इमारत का कब्जा मिलने के बाद नवीनीकरण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। नवीनीकरण के लिए राष्ट्रीय स्तर के वास्तुकार को सलाहकार नियुक्त किया जाएगा। विद्युत उपकरण उच्च गुणवत्ता वाली प्रतिष्ठित कंपनियों के होंगे और उनकी देखभाल कम से कम पांच साल तक निर्माता कंपनी ही करेगी। कुल 181 करोड़ में से 75.32 करोड़ सिविल कार्य, 70.92 करोड़ विद्युतीकरण और 34.76 करोड़ सलाहकार शुल्क और जीएसटी पर खर्च होंगे।
लोक निर्माण विभाग के सचिव आबासाहेब नागरगोजे ने बताया कि बजट अनुमान को प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद वित्त विभाग ने राशि स्वीकृत कर दी है। नवीनीकरण के लिए सिविल और विद्युत कार्य के लिए दो अलग-अलग टेंडर निकाले जाएंगे। सिविल कार्य में मरम्मत, सजावट, नया फर्नीचर और रंगाई-पुताई शामिल होगी, जबकि विद्युत कार्य में नई लिफ्ट और विद्युत उपकरण लगाए जाएंगे। यह पूरा काम छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

