एमरजेंसी पीड़ितों के लिए 17.29 करोड़ रुपये
मुंबई, 14 अक्टूबर (हि.स.)। देश में घोषित एमरजेंसी के दौरान आंदोलन में हिस्सा लेने वाले लोगों के लिए महाराष्ट्र सरकार ने पहल की है। साल 1975 से 1977 के आपातकाल के दौरान संघर्ष करने और जेल में रहने वाले पात्र लोगों के मानधन के लिए 17 करोड़ 29 लाख 5 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इस राशि से सितंबर से नवंबर 2026 तक उन्हें तीन महीने का मानधन दिया जाएगा। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को शासनादेश जारी किया।
कुल लाभार्थियों की संख्या 3,989 है। सबसे अधिक बुलढाणा जिले के 550 लाभार्थी हैं। मुंबई शहर के 41 और मुंबई उपनगर में 128 लाभार्थियों का समावेश है। शासनादेश के अनुसार राज्य के 35 जिलों के कुल 3,989 लाभार्थियों के लिए यह राशि मंजूर की गई है। पात्र लोगों को निर्धारित श्रेणी के अनुसार 20,000, 10,000 या 5,000 रुपये प्रतिमाह मानधन दिया जाएगा। लाभार्थी के निधन के बाद उनके पति या पत्नी को नियमानुसार आधा मानधन देने का प्रावधान है।
संबंधित जिलाधिकारियों और अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों की संख्या व मानधन की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। राशि हर महीने की 10 तारीख तक लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा करनी होगी। अधिकारियों को खर्च का हिसाब और उपयोगिता प्रमाणपत्र भी सरकार को सौंपना होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

