home page

मुंबई एयरपोर्ट पर 17 उड़ानें रद्द, 217 विमान लेट

 | 

मुंबई, 06 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश के कारण विमानों की उड़ाने प्रभावित हुई हैं। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कुल 17 उड़ानें रद्द और 217 उड़ानें विलंबित हुईं। इसकी वजह से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खराब मौसम का असर मानसून सत्र पर भी पड़ा, जिससे कई विधायक व मंत्री मुंबई तक नहीं सके. इसलिए सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

खराब मौसम के कारण कई मंत्री और विधायक उड़ानें रद्द होने के कारण अपने-अपने इलाकों के हवाई अड्डे पर ही फंस गए। कुछ ने सड़क मार्ग से जाने का विकल्प चुना लेकिन भारी बारिश के कारण एहतियातन उन्होंने अपनी यात्रा रद्द कर दी। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, विकास ठाकरे, समीर मेघे, प्रवीण दटके, एमएलसी राजीव पोटदार सहित कई विधायकों की यात्रा प्रभावित हुई। भाजपा विधायक प्रवीण दटके ने बताया कि खराब मौसम और यात्रा में अनिश्चितता को देखते हुए उन्होंने अगले दिन मुंबई जाना सुरक्षित समझा।

मौसम की स्थिति को देखते हुए विभिन्न एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की। अकासा एयरलाइंस के अनुसार मुंबई, पुणे और गोवा की कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। यात्रियों से हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जांचने की अपील की गई है। मौसम पूरी तरह से नियंत्रण से बाहर है, लेकिन यात्रियों की हरसंभव सहायता के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। इंडिगो ने भी चेतावनी जारी करते हुए कहा कि मुंबई में खराब मौसम के कारण उड़ानों के समय में बदलाव संभव है। एयरलाइन ने बताया कि अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और प्रभावित यात्रियों की सहायता की जा रही है। यात्रियों से नियमित रूप से उड़ान संबंधी अपडेट लेते रहने का अनुरोध किया गया है। स्पाइसजेट ने भी सूचना जारी कर कहा कि खराब मौसम के कारण मुंबई हवाई अड्डे पर सभी आगमन और प्रस्थान प्रभावित हो सकते हैं। एयरलाइन ने बताया कि सहायता के लिए उसके हेल्पलाइन नंबर चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार