home page

मुंबई में 167वां आयकर दिवस समारोह आयोजित

 | 

मुंबई, , 24 जुलाई (हि.स.)। मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित कौटिल्य भवन में 167वें आयकर दिवस समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में शामिल राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि आयकर विभाग ने खुद को एक जनमित्र संस्था के रूप में स्थापित किया है। कभी 'डर पैदा करने वाले टैक्समैन' के रूप में पहचाना जाने वाला आयकर विभाग अब एक 'जनमित्र संस्था' बन गया है।

राज्यपाल ने कहा कि भारत के 5 ट्रिलियन डॉलर से अधिक की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की दिशा में आयकर विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। टैक्स से प्राप्त राजस्व के माध्यम से विद्यालयों, अस्पतालों, सड़कों, आधारभूत संरचना और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण संभव हुआ है, जो देश की प्रगति का आधार है। प्रत्यक्ष कर संग्रह में महाराष्ट्र देश में अग्रणी बना हुआ है। मुंबई देश की आर्थिक राजधानी के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है। मुंबई मेट्रो विस्तार, कोस्टल रोड परियोजना, मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक तथा मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि ये करदाताओं के योगदान के प्रत्यक्ष उदाहरण हैं, जो बेहतर परिवहन, मजबूत संपर्क, आर्थिक विकास और भविष्य के आधुनिक शहर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। एडवांस टैक्स राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देता है। हर करदाता को इसे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में देखना चाहिए।

प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, मुंबई आलोक कुमार ने कहा कि आज आयकर रिटर्न दाखिल करना ऑनलाइन किराना या भोजन ऑर्डर करने जितना सरल हो गया है। वर्ष 2019 में आयकर रिटर्न की प्रक्रिया पूरी होने में 82 दिन लगते थे, जबकि अब यह कुछ ही दिनों में पूरी हो जाती है। रिफंड भी बहुत कम समय में जारी किया जा रहा है। नई तकनीक अपनाने में आयकर विभाग सरकार के सभी विभागों में अग्रणी है। राष्ट्रीय आय में मुंबई का योगदान देश के अनेक राज्यों से अधिक है। फिल्म अभिनेता विक्की कौशल ने आयकर विभाग को स्थापना दिवस की शुभकामनाए देते हुए कहा कि आयकर दिवस समारोह का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार