home page

128 करोड़ की लागत से बेस्ट के बेड़े में शामिल होंगी 1500 नई बसें

 | 

मुंबई, 23 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार ने इस वर्ष 1500 सब्सिडी वाली इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी है। इन बसों की पहली खेप दिसंबर तक मुंबई पहुंचने की संभावना है। शुरुआती चरण में 275 नई इलेक्ट्रिक बसें बेस्ट के बेड़े में शामिल की जाएंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

आर्थिक संकट से जूझ रहे बेस्ट उपक्रम को राहत देने के उद्देश्य से मंगलवार को बीएमसी सदन में महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस प्रस्ताव के तहत बेस्ट को 1000 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सदन में प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार वर्तमान में बेस्ट के बेड़े में केवल 249 बसें उसकी अपनी हैं, जबकि लगभग 3000 बसें वेट लीज व्यवस्था के तहत संचालित की जा रही हैं। नगरसेवकों ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में बेस्ट को अपनी बसों की संख्या बढ़ानी होगी, ताकि परिचालन पर उसका नियंत्रण मजबूत हो सके और निजी कंपनियों पर निर्भरता कम हो।

सदन में बेस्ट कर्मचारियों की हड़ताल का भी मुद्दा उठा। सभा नेता गणेश खणकर ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर पहले ही मुख्यमंत्री के साथ बैठक की गई थी, जिसमें सकारात्मक आश्वासन भी मिला था। ऐसे में हड़ताल का कोई औचित्य नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस आंदोलन के कारण आम यात्रियों के साथ-साथ नीट परीक्षा देने वाले छात्रों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार