home page

संशोधित वेतनश्रेणी के लाभ की मांग को लेकर वसई न्यायालय के 150 कर्मचारी हड़ताल पर

 | 

मुंबई, 17 नवंबर(हि.स.)। बंबई उच्च न्यायालय के कर्मचारियों को मिलने वाली संशोधित वेतनश्रेणी का लाभ अधीनस्थ न्यायालयों के कर्मचारियों को भी देने की मांग को लेकर सोमवार से राज्यव्यापी कामबंद आंदोलन शुरू हो गया। इसमें वसई न्यायालय के करीब 150 कर्मचारी भी शामिल हुए हैं। कर्मचारियों ने कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।

कर्मचारियों के मुताबिक, वर्ष 2023 में बंबई उच्च न्यायालय और उसकी सभी खंडपीठों के विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों की वेतनश्रेणी में छठे वेतन आयोग के अनुसार संशोधन किया गया था। इसके बाद समान काम के लिए समान वेतन की नीति के तहत अधीनस्थ न्यायालयों के कर्मचारियों को भी इसका लाभ देने की मांग उठाई गई। इस संबंध में फरवरी 2024 में कर्मचारी संगठनों ने उच्च न्यायालय को ज्ञापन सौंपा था।

उच्च न्यायालय ने भी मांग का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा, लेकिन 16 महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद विधि एवं न्याय तथा वित्त विभाग की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। कर्मचारियों की मांग है कि 1 जनवरी 2006 से वेतन में चली आ रही विसंगति दूर कर संशोधित वेतन श्रेणी लागू की जाए। कर्मचारियों की अनुपस्थिति से वसई न्यायालय में कामकाज और सुनवाई प्रभावित हुई है। न्यायाधीश और वकील मौजूद होने के बावजूद कर्मचारियों के अभाव में कई प्रक्रियाएं रुक गई हैं।________________

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार