कसारा रूट पर सितंबर से दौड़ेंगी 15 डिब्बों वाली लोकल
मुंबई, 23 जुलाई (हि.स.)। कसारा रूट के यात्रियों के लिए खुशखबरी है। मध्य रेलवे ने सीएसएमटी-कसारा मार्ग की 15 से 20 उपनगरीय लोकल ट्रेनों को 12 डिब्बों से बढ़ाकर 15 डिब्बों में बदलने की योजना बनाई है। यह विस्तार सितंबर से चरणबद्ध तरीके से शुरू हो जाएगा। इससे हर लोकल में 800 से 900 यात्रियों की अतिरिक्त क्षमता में इजाफा होगा।
कसारा रूट पर प्रतिदिन भीड़भाड़ और जान जोखिम में डालकर लाखों लोग सफर करते हैं। ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बा बढ़ने से कसारा, शाहपुर, आसनगांव और टिटवाला क्षेत्र से मुंबई आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। पिछले कुछ वर्षों में टिटवाला, आसनगांव, शाहपुर और कसारा क्षेत्र में तेजी से नई आवासीय बस्तियां विकसित हुई हैं। किफायती आवास के कारण यहां रहने वालों की संख्या बढ़ी है। मुंबई आने-जाने वाले यात्रियों का दबाव भी लगातार बढ़ा है। लेकिन लोकल ट्रेनों की क्षमता में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने से भीड़ गंभीर समस्या बनी हुई है। इस वजह से कई दिनों से 15 डिब्बों वाली लोकल की मांग की जा रही है। मध्य रेलवे ने सोमवार से सीएसएमटी-अंबरनाथ, कल्याण, बदलापुर और कर्जत मार्ग की 10 लोकल सेवाओं को 15 डिब्बों में परिवर्तित किया है। यात्रियों से सकारात्मक प्रतिसाद मिला है। अब यह सुविधा कसारा रूट पर भी उपलब्ध कराई जाएगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार चयनित 12 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों को 15 डिब्बों में बदलने के लिए तकनीकी और परिचालन तैयारियां अंतिम चरण में हैं। संशोधित समय-सारिणी जल्द जारी की जाएगी।
मध्य रेलवे के अनुसार 15 डिब्बों वाली प्रत्येक लोकल में करीब 800 से 900 अतिरिक्त यात्री सफर कर सकेंगे, जिससे पीक आवर्स की भीड़ कम होगी। वर्तमान में सीएसएमटी-कसारा मार्ग पर प्रतिदिन 152, सीएसएमटी-कल्याण पर 299 और सीएसएमटी-ठाणे के बीच 201 लोकल सेवाएं संचालित होती हैं। मध्य रेलवे ने पहली बार 16 अक्टूबर 2012 को 15 डिब्बों वाली 16 लोकल सेवाएं शुरू की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

