home page

धुले में 14 साल के बच्चे का चोरी के शक में अपहरण और पिटाई, दो आरोपित गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 23 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के धुले जिले के भामपुर शिवार गांव में ट्रैक्टर की लाइट चोरी के संदेह में 14 वर्षीय एक नाबालिग बच्चे का अपहरण कर उसकी पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। घायल बच्चे का उपचार शिरपुर उप-जिला अस्पताल में जारी है। मामले की जांच शिरपुर सिटी पुलिस कर रही है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह हिमांशु नामक नाबालिग के माता-पिता ने उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन शाम को हिमांशु किसी तरह गंभीर रूप से घायल अवस्था में घर लौट आया। बच्चे और उसके माता-पिता ने पुलिस को बताया कि उसे अपहरण कर बेरहमी से पीटा गया और उसकी पीठ पर गर्म लोहे से दागा गया है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार रात कार्रवाई करते हुए भामपुर निवासी चिंतामन उर्फ चिंटू साहेबराव कोली और सचिन उर्फ डॉक्टर साहेबराव कोली को गिरफ्तार कर लिया । दोनों पर बच्चे का अपहरण, मारपीट, गर्म लोहे की चादर से दागकर प्रताड़ित करने और हत्या का प्रयास करने का आरोप है। इसके अलावा, आरोपियों पर बाल संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव