home page

बीकेसी से वेस्टर्न हाईवे का 1.4 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर खुला

 | 

मुंबई, 22 अगस्त (हि.स.)। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) को वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से जोड़ने वाला सीधा संपर्क रोड मिल गई है। करीब 1.4 किलोमीटर लंबे नए एलिवेटेड कॉरिडोर शुरू हो गया है। इससे बीकेसी और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के बीच वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा और 35 मिनट तक का समय बचेगा।

भारत नगर रोड से वाकोला जंक्शन तक बना यह खंड सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड विस्तार के दूसरे चरण का हिस्सा है। नया एलिवेटेड रोड वाहन चालकों को कालिना, वाकोला और कलानगर के आसपास के प्रमुख भीड़भाड़ वाले हिस्सों से बचने का विकल्प देगा। इससे बीकेसी और पश्चिमी उपनगर के बीच यातायात का दबाव कम होने होगा। यह कॉरिडोर पहले से पूरे सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड नेटवर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा है। 1.4 किलोमीटर लंबे इस अंतिम एलिवेटेड खंड के पूरा होने के साथ 10.3 किलोमीटर लंबा एससीएलआर नेटवर्क पूरा हो गया है। यह नेटवर्क ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे को वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से जोड़ता है। नया खंड इस पूरे कॉरिडोर का अंतिम ऊंचा हिस्सा है, जिससे मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के बीच संपर्क और मजबूत हुआ है।

एमएमआरडीए के अनुसार बीकेसी के जी-ब्लॉक के आसपास अब तक आठ लिंक पूरे हो चुके हैं। शुरुआत में यहां यातायात की समस्या कम करने के लिए छह लिंक की योजना बनाई गई थी। ये लिंक बीकेसी के आसपास विकसित किए जा रहे व्यापक कनेक्टिविटी नेटवर्क का हिस्सा हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार