home page

कसारा रूट पर 12 दिनों का मेगा ब्लॉक

 | 

मुंबई,07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य रेलवे ने कसारा रूट पर 12 दिनों का मेगा ब्लॉक घोषित किया है। आसनगांव और कसारा के बीच तीसरी रेलवे लाइन के निर्माण कार्य के चलते कसारा यार्ड में 7 से 18 अक्टूबर तक 12 दिनों का विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक शुरू किया गया है।

यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए समय सारिणी देखकर यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है। मध्य रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस निर्माण कार्य के चलते 10 से 13 अक्टूबर के दौरान आसनगांव और कसारा के बीच उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवा पूरी तरह बाधित रहेगी। कई लोकल ट्रेनों को आसनगांव में ही रोक दिया जाएगा। वहीं मुंबई आने-जाने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी तय समय से देरी से चलेंगी। यह परियोजना भविष्य में कसारा और कल्याण के बीच लोकल ट्रेनों और लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए अलग ट्रैक उपलब्ध कराएगी। इससे अतिरिक्त ट्रेनें चलाना आसान होगा। इस दौरान कसारा यार्ड में नॉन-इंटरलॉकिंग के तकनीकी कार्य पूरे किए जा रहे हैं।

ब्लॉक के समय में 10 अक्टूबर को दोपहर 3.35 से रात 9.35 बजे तक, 11 अक्टूबर को सुबह 11.30 से शाम 6.30 बजे तक और 12 व 13 अक्टूबर को दोपहर 3.35 से रात 8.35 बजे तक ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। इस अवधि में सीएसएमटी से चलने वाली कई कसारा लोकल केवल आसनगांव तक ही जाएंगी और वहीं से वापस लौटेंगी। 10 से 13 अक्टूबर के दौरान दोपहर बाद दोनों दिशाओं से चलने वाली लोकल ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।

लंबी दूरी की गाड़ियों में मुंबई आने वाली गोरखपुर-एलटीटी, हावड़ा-सीएसएमटी, गीतांजलि, पुष्पक, तपोवन, कामायनी, वंदे भारत और दुरंतो जैसी ट्रेनें इगतपुरी से पहले रोकी जाएंगी, जिससे ये 35 से 40 मिनट देरी से पहुंचेंगी। इसी तरह मुंबई से रवाना होने वाली सेवाग्राम, पंचवटी, राज्यरानी और विदर्भ एक्सप्रेस सहित कई गाड़ियां 20 से 25 मिनट की देरी से चलेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार