केक खाने से 7 बच्चों सहित 11 लोगों की तबीयत बिगड़ी
मुंबई, 16 अगस्त, (हि. स.)। पालघर जिले के नालासोपारा पूर्व स्थित नीलकंठेश्वर भवन में जन्मदिन का केक खाने से 11 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें सात बच्चे और चार वयस्क शामिल हैं। सभी को तत्काल विजयलक्ष्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चार मरीजों को आईसीयू में रखा गया है, जबकि अन्य का उपचार जनरल वार्ड में चल रहा है। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नीलकंठेश्वर भवन में शनिवार शाम एक बच्ची का जन्मदिन मनाया जा रहा था। इसके लिए जिजाई नगर स्थित श्री चामुंडा केक शॉप से केक खरीदा गया था। समारोह में केक काटने और खाने के दौरान उसमें मरी हुई छिपकली मिलने का दावा किया गया है। पीड़ित परिवार के अनुसार, केक में छिपकली का टुकड़ा चिपका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया। केक खाने के कुछ समय बाद कई लोगों को मिचली, उल्टी, दस्त और सिरदर्द की शिकायत होने लगी। रात करीब आठ बजे सभी को विजयलक्ष्मी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में भर्ती मरीजों में उर्मिला वर्मा (32), सलोनी गुप्ता (16), सुदीक्षा शाह (19), आफिया इद्रिस (24), रुबी शाह (40), शिव गुप्ता (10), प्रियांश वर्मा (2), परी यादव (7), प्रिया वर्मा (8), रुद्र शाह (13) और प्राची यादव (8) शामिल हैं। घटना के बाद तुलिंज पुलिस ने संबंधित केक शॉप पर ताला लगा दिया है। बताया जा रहा है कि इसी दुकान में केक तैयार किया जाता है। हालांकि, केक में छिपकली मिलने और उससे ही लोगों की तबीयत खराब होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि अस्पताल में 11 मरीज पहुंचे थे। इनमें सात बच्चे और चार वयस्क हैं। चार मरीजों को आईसीयू में निगरानी में रखा गया है। सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर है। घटना की सही वजह क्या है, यह खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जांच और खाद्य पदार्थों के नमूनों की रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

