समृद्धि महामार्ग पर 11 दिन का ट्रैफिक ब्लॉक
मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग पर 11 दिन तक ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। यह फसैला भरवीर इंटरचेंज से इगतपुरी इंटरचेंज के बीच सुरक्षा कार्यों के चलते लिया गया है। 26 अक्टूबर से 6 नवंबर तक महामार्ग पर मुंबई की ओर जाने वाले वाहनों की तय समय के बीच आवाजाही बंद रहेगी।
समृद्धि महामार्ग के सुरंग के प्रवेश द्वार के पास और आसपास की पहाड़ी ढलानों से भूस्खलन व पत्थर गिरने का लगातार खतरा बना रहता है। भविष्य में किसी भी बड़े हादसे को रोकने के लिए पहाड़ियों पर सुरक्षात्मक लोहे की जालियां लगाने का काम शुरू किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य को सुरक्षित रूप से पूरा करने के लिए महामार्ग पुलिस से विधिवत अनुमति लेकर विभिन्न चरणों में यह विशेष ब्लॉक लिया जा रहा है। तय समय सारिणी के अनुसार 26 अक्टूबर से 6 नवंबर तक भरवीर इंटरचेंज से इगतपुरी इंटरचेंज के बीच सुबह 10 से 11 बजे, दोपहर 1 से 2 बजे और शाम 4 से 5 बजे तक मुंबई की ओर जाने वाला यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। दिन के व्यस्त समय में एक-एक घंटे के इस तीन बार के ठहराव से एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगने और यात्रियों का समय बर्बाद होने की संभावना है।
त्योहारी और छुट्टियों के मौसम में महामार्ग पर वाहनों का दबाव पहले से ही काफी अधिक रहता है। ऐसे में रोजाना तीन घंटे यातायात ठप रहने से मुंबई की ओर जाने वाले दैनिक यात्रियों, आवश्यक सेवाओं, मालवाहक ट्रकों और निजी चार पहिया वाहनों को गंभीर असुविधा झेलनी पड़ेगी। प्रशासन ने महामार्ग से गुजरने वाले सभी वाहन चालकों और आम जनता से अपने सफर की पूर्व योजना बनाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

