home page

महाराष्ट्र में मेडिकल पीजी की 1,066 सीटें बढ़ीं

 | 

मुंबई, 07 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा की प्रवेश क्षमता में बढ़ोतरी की गई है। शैक्षणिक वर्ष 2026-27 में मेडिकल पीजी की 1,066 सीटें बढ़ाई गई हैं। इससे कुल 7,615 सीटें हो गई हैं। पिछले साल की तुलना में लगभग 16.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस उपलब्धि के साथ महाराष्ट्र देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के आंकड़ों के अनुसार कर्नाटक 8,862 सीटों के साथ पहले स्थान पर है। महाराष्ट्र के बाद तमिलनाडु में 6,678 और उत्तर प्रदेश में 6,675 सीटें हैं। इसके अलावा तेलंगाना में 4,403 और आंध्र प्रदेश में 4,309 सीटें उपलब्ध हैं। राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी पीजी की सीटों में अच्छी बढ़ोतरी हुई है और 720 सीटें बढ़ाई गई हैं।

इसमें उस्मानाबाद मेडिकल कॉलेज में सबसे ज्यादा 77 सीटें बढ़ीं हैं। औरंगाबाद में 73, सतारा- 64, धुले-44 और अंबरनाथ में 40 सीटों की बढ़ोतरी हुई है। कोल्हापुर और अंबाजोगाई में भी 39-39 सीटें बढ़ाई गई हैं। इसके अलावा मेडिकल की कई शाखाओं में भी सीटें बढ़ी हैं। इनमें जनरल मेडिसिन, बाल रोग, सर्जरी, हड्डी रोग, स्त्री रोग, एनेस्थीसिया और मनोरोग जैसे विषय शामिल हैं। औरंगाबाद मेडिकल कॉलेज में फिजियोलॉजी की सीटें 3 से बढ़कर 21 और बायोकेमिस्ट्री की सीटें 2 से बढ़कर 17 हो गई हैं।

मेडिकल शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ के अनुसार पीजी सीटें बढ़ने से ज्यादा से ज्यादा विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार होंगे। इससे सरकारी अस्पतालों में इलाज की क्षमता बढ़ेगी और मरीजों को अलग-अलग बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार