अप्रैल आखिर तक मिलेंगे 10,500 फेरीवालों को क्यूआर कोड
मुंबई, 13 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई मनपा ने अवैध स्ट्रीट वेंडर पर अंकुश लगाने के लिए उन्हें क्यूआर कोड जारी करने का फैसला किया था। अब महानगर के करीब 10,500 लाइसेंसधारी फेरीवालों को इस महीने के आखिर तक क्यूआर कोड आवंटित किए जाएंगे।
मुंबई मनपा का तर्क है कि इससे फेरीवालों की पहचान को पारदर्शी और अवैध फेरीवालों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। हर लाइसेंसधारी फेरीवाले को एक यूनिक क्यूआर कोड दिया जाएगा, जिसे उन्हें अपने ठेले या दुकान पर लगाना अनिवार्य होगा। आम नागरिक इस क्यूआर कोड को अपने मोबाइल फोन से स्कैन करके संबंधित फेरीवाले की पूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे। लाइसेंस की वैधता और पंजीकरण विवरण आदि इसके माध्यम से द्खा जा सकेगा।
मनपा अधिकारियों के अनुसार इस डिजिटल प्रणाली से प्रशासन के लिए फेरीवालों की निगरानी करना आसान हो जाएगी। जिन फेरीवालों के पास क्यूआर कोड नहीं होगा या जिनकी जानकारी सिस्टम में उपलब्ध नहीं होगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुंबई मनपा करीब 22,000 फेरीवालों की भी जांच कर रही है, जिन्होंने वर्ष 2014 में पंजीकरण कराया था, लेकिन उन्हें अभी तक लाइसेंस नहीं मिला है। पात्र पाए जाने पर उन फेरीवालों को निर्धारित स्थान आवंटित किए जाएंगे। यह प्रक्रिया टाउन वेंडिंग कमेटी की देखरेख में पूरी की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

