home page

स्वास्थ्य जांच के लिए 100 दिवसीय अभियान

 | 

मुंबई, 13 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने स्वास्थ्य जांच के लिए 100 दिवसीय अभियान चलाने का फैसला किया है। इस अभियान की शुरूआत 1 सितंबर से की जाएगी। इसमें 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में मधुमेह, उच्च रक्तचाप (बीपी) और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अभियान पर प्रभावी अमल करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य भवन में अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में आबिटकर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल नागरिकों की जांच करना नहीं, बल्कि बीमारी का शुरुआती चरण में पता लगाकर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक उम्र के महिला और पुरुषों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और एमपीडब्ल्यू को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये स्वास्थ्यकर्मी रोजाना करीब 40 से 45 घरों का दौरा कर ऐसे लोगों की पहचान करेंगे, जिनकी अभी तक जांच नहीं हुई है।

गांव स्तर पर स्वास्थ्य टीमें बनाकर नागरिकों की जांच, निदान, परामर्श और उपचार तक फॉलोअप किया जाएगा। अभियान के दौरान जांच रिपोर्ट और मरीजों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा. इसकी नियमित निगरानी के साथ डैशबोर्ड के माध्यम से प्रगति की समीक्षा की जाएगी. स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रम प्रमुख, तहसील स्वास्थ्य अधिकारी और चिकित्सा अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय की जाएगी। इसके अलावा 15 अगस्त को कोल्हापुर में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिकों को सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी घर बैठे उपलब्ध कराने का प्रयास होगा। बाद में इसे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार