home page

बाढ़ प्रभावित आलंदी के लिए 10 करोड़ मंजूर

 | 

मुंबई, 07 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश से बाढ़ की स्थिति निर्माण होने पर श्रीक्षेत्र आलंदी में भारी नुकसान हुआ है। राज्य सरकार के नगर विकास विभाग ने वहां इंफ्रास्ट्रक्चर के पुर्निनिर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये का स्पेशल फंड मंजूर किया है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आलंदी मनपा के मुख्य अधिकारी माधव खांडेकर को सभी विकास कामों को तुरंत युद्ध स्तर पर शुरू करने का निर्देश दिया है।

आषाढ़ी एकादशी पालकी समारोह के लिए लाखों वारकरी और भक्त आलंदी पहुंच रहे हैं। हालांकि बाढ़ की वजह से इन भक्तों के लिए बनाए गए अस्थाई टॉयलेट बह गए हैं। साथ ही आलंदी में वॉटर प्यूरिफिकेशन सेंटर पानी में डूब गया है। जलापूर्ति पाइपलाइन को भी बहुत नुकसान हुआ है। कई जगहों पर स्ट्रीट लाइटें खराब हो गई हैं और अधिकांश इलाकों में सड़कें उखड़ गई है। नदी पर बना सुरक्षा बांध भी कुछ जगहों पर टूट गया है। इससे आलंदी में आने वाले भक्तों और स्थानीय नागरिकों को परेशानी हो रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी भक्तों को हो रही परेशानी को दूर करने और हालात को काबू में करने के लिए मार्गदर्शऩ कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने मंगलवार को आलंदी मनपा के मुख्य अधिकारियों से फोन पर हालात पर डिटेल में चर्चा की। उन्होंने आलंदी पहुंचे वारकरियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत भी की और उनकी परेशानियां समझीं। आलंदी के लिए मंजूर किए गए 10 करोड़ रुपये के फंड के संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।

स्वीकृत किए गए 10 करोड़ रुपये में से 5 करोड़ रुपये स्पेशल ग्रांट फॉर स्पेशल वर्क्स से दिए जाएंगे। इसके तहत, आलंदी मनपा क्षेत्र में पानी की सप्लाई और दूसरे जरूरी कामों पर 3 करोड़ रुपये, नई स्ट्रीट लाइट, पोल बनाने के लिए 1 करोड़ रुपये और भक्तों के लिए टॉयलेट व वॉशरूम बनाने के लिए 1 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। साथ ही बाढ़ प्रभावित इलाकों में सड़कों और पुलों की तुरंत मरम्मत के लिए स्पेशल रोड ग्रांट स्कीम के तहत 5 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे पुलों, सड़कों और उनके आस-पास के सीवर का काम किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार