मुंबई सेंट्रल मंडल में बॉटल क्रशिंग मशीनों की शुरुआत के साथ 'स्वच्छता पखवाड़ा’ संपन्न
मुंबई, 16 अक्टूबर, (हि. स.)। स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के क्रम में, पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल ने स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण अनुकूलता, खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई अभियानों की एक श्रृंखला आयोजित की। इन पहलों के हिस्से के रूप में, मुंबई सेंट्रल के मंडल रेल प्रबंधक पंकज सिंह ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदिश पठानिया और अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर दो प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों का उद्घाटन किया, ताकि स्टेशन परिसर में प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक निपटान और रीसाइक्लिंग हो सके।पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा विज्ञप्ति के अनुसार, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अनुसार कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करने पर विशेष जोर दिया गया। ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस कर्मचारियों, पेंट्री स्टाफ, विक्रेताओं और स्टेशन सफाई कर्मचारियों के लिए जागरूकता और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। गीला, सूखा, सेनेटरी और हानिकारक कचरा ठीक से एकत्र करने के लिए जोगेश्वरी, बोरीवली, गोरेगाँव, मालाड, खार रोड और अंधेरी सहित विभिन्न स्टेशनों पर विशेष कचरा पृथक्करण अभियान चलाए गए।अभियान के दौरान यात्री सुविधाओं और डिब्बों की सफाई पर पैनी नजर रखी गई। मुंबई सेंट्रल और बांद्रा टर्मिनस कोचिंग डिपो में मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के रेकों की अंदर और बाहर से गहन सफाई की गई, साथ ही नंदुरबार में डिब्बों की सफाई और यार्ड की सफाई की गई। इसके साथ ही, मेडिकल और हेल्थ टीमों ने मरीन लाइन्स, बांद्रा टर्मिनस और अन्य स्टेशनों पर फूड स्टॉलों, बेस किचन और कैटरिंग इकाइयों में खाद्य सुरक्षा का निरीक्षण किया। गुणवत्ता जांच के लिए भोजन और पीने के पानी के नमूने एकत्र किए गए, और खानपान विक्रेताओं को भोजन रखरखाव के नियमों और व्यक्तिगत स्वच्छता के बारे में समझाया गया। इसके अलावा, अभियान के अंतर्गत रेलवे कॉलोनियों में सड़कों की सफाई, नालियों की सफाई, कचरा हटाने और सामान्य स्वच्छता के साथ-साथ ट्रैक के आसपास उगी अवांछित घास-फूस को हटाया गया। स्वच्छता उपायों के साथ ही कचरा फैलाने वालों पर जुर्माना लगाकर, यात्रियों को समझाकर और जन-जागरूकता सामग्री प्रदर्शित करके गंदगी विरोधी नियमों का पालन कराया गया। इंजीनियरिंग, वाणिज्यिक, मैकेनिकल और मेडिकल विभागों के समन्वित प्रयासों से, मुंबई सेंट्रल मंडल अपने नेटवर्क में बेहतर स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और यात्री हाइजीन की दिशा में लगातार काम कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

