नागपुर में ट्रक पलटने से तीन मजदूरों की मौत, तीन घायल
मुंबई, 20 मई (हि.स.)। नागपुर जिले के ईशापुर गांव के पास नासावनेर रोड पर बुधवार सुबह ईंट से लदा एक ट्रक पलट गया। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं। तीनों मजदूरों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
काटोल पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक खापा से मेवाड़ की ओर जा रहा था। ट्रक की केबिन में छह मजदूर सो रहे थे। ट्रक जैसे ही ईशापुर गांव के पास पहुंचा, अचानक ट्रक चालक ने कंट्रोल खो दिया और ट्रक पलट गया। इस घटना में तीन मजदूरों संजय कन्हेरे, लीलाधर वालुलकर और अजीत भलावी की मौत हो गई और राजेंद्र राजगुरु, हेमराज कन्हेरे और सुभाष धुर्वे घायल हो गए। इस घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। तीनों घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में हो रहा है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

