home page

सागरः पशुपतिनाथ मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

 | 
सागरः पशुपतिनाथ मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


सागर, 24 अगस्त (हि.स.)। सावन मास के अंतिम सोमवार पर मध्य प्रदेश के सागर स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में आस्था और भक्ति का भव्य दृश्य देखने को मिला। सावन के अंतिम सोमवार और 9 दिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण कार्यक्रम के समापन अवसर पर रुद्राभिषेक और पूजन के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। 'हर-हर महादेव' और 'जय भोलेनाथ' के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

मंदिर के पुजारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अंतिम सोमवार को पूजन की विशेष व्यवस्था की गई थी। सुबह 8:00 बजे से 11:00 बजे तक श्रद्धालुओं द्वारा पार्थिव (मिट्टी के) शिवलिंगों का निर्माण किया गया। सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक भगवान पशुपतिनाथ का विधि-विधान से विशेष रुद्राभिषेक एवं महापूजन संपन्न हुआ।

इस 9 दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिदिन 51,000 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर उनका पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

सागर के पशुपतिनाथ मंदिर में नाग पंचमी से शुरू होकर प्रदोष तक चलने वाला यह 9 दिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण और रुद्राभिषेक महोत्सव पिछले लगभग 30 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। हर वर्ष सावन के महीने में इस भव्य धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालु अपनी सहभागिता निभाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे