home page

सागरः आचार्य विद्यासागर के जन्मदिवस पर हुआ शहर सेवादल का मासिक ध्वजारोहण

 | 
सागरः आचार्य विद्यासागर के जन्मदिवस पर हुआ शहर सेवादल का मासिक ध्वजारोहण


सागर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में रविवार को शहर कांग्रेस सेवादल परिवार का मासिक ध्वजारोहण कार्यक्रम नमक मंडी कटरा बाजार स्थित गौराबाई दिगंबर जैन मंदिर के समक्ष संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम जैन संत आचार्य विद्यासागर जी महाराज के अवतरण दिवस के पावन अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ गांधीवादी नेता कैलाश चंद सिंघई ने शिरकत की।

कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य विद्यासागर जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके उपरांत वरिष्ठ गांधीवादी नेता कैलाश चंद सिंघई के कर-कमलों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। अपने संबोधन में श्री सिंघई ने कहा कि यह एक बड़ा ही सौभाग्यपूर्ण संयोग है कि आचार्यश्री के जन्मदिवस पर माह का अंतिम रविवार आया और उन्हें यह ध्वजारोहण करने का अवसर प्राप्त हुआ।

सभा को संबोधित करते हुए कैलाश चंद सिंघई ने कड़े शब्दों में उन नेताओं की आलोचना की जिन्हें कांग्रेस ने सांसद और विधायक के टिकट देकर सम्मानित किया, लेकिन वे मौका-परस्त लोग विपरीत परिस्थितियों में सत्ता सुख भोगने अन्य दलों में चले गए। उन्होंने कहा कि आज के इस विषम समय में जो भी लोग बिना किसी स्वार्थ और महत्वाकांक्षा के कांग्रेस पार्टी और उसकी विचारधारा के साथ अडिग खड़े हैं, वे किसी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी से कम नहीं हैं।

कार्यक्रम के दौरान भाग्योदय अस्पताल में भर्ती मरीजों की दवा पर्ची कोडिंग कर स्वयं के मेडिकल स्टोर से मनमाफिक दवा खरीदने की बाध्यता को समाप्त करवाने वाले आरटीआई कार्यकर्ता पंकज सिंघई का सागर कलेक्टर से मिलकर इस मुद्दे को हल करने पर शहर सेवादल परिवार द्वारा विशेष सम्मान किया गया।

इसके अलावा, महिला कांग्रेस सेवादल की मजबूती को देखते हुए महिला अध्यक्ष श्रीमती किरणलता सोनी, ऋचा सिंह, नवनियुक्त महिला सेवादल अध्यक्ष व पार्षद नीलोफर चमन अंसारी, सीमा चौधरी और पार्षद सुरेखा राकेश राय का भी शॉल-श्रीफल से सम्मान किया गया। साथ ही, श्री गौरा बाई दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष संतोष जैन घड़ी, महामंत्री राकेश जैन एवं प्रबंधक नवीन जैन को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी सेवादल परिवार के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। जिन शोक संतप्त परिवारों के सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई, उनमें कांग्रेस नेता सुरेंद्र चौबे की माता श्रीमती गायत्री देवी चौबे, ब्रजेंद्र नगरिया के चाचा देवेंद्र नगरिया, राहुल व्यास की बड़ी माता सीतारानी व्यास शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे