सागर में मध्याह्न भोजन व्यवस्था का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, केंद्रीयकृत रसोई से लेकर विद्यालय तक परखी गुणवत्ता
सागर, 06 अगस्त (हि.स.)। शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को परोसे जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने गुरूवार को नगर निगम क्षेत्र स्थित केंद्रीयकृत रसोई (सेंट्रलाइज किचन) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भोजन निर्माण की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।
तिलकगंज स्थित 'आकांक्षा समग्र विकास समिति' द्वारा संचालित इस केंद्रीयकृत रसोई से सागर शहर के 83 शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के लगभग 6,540 विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन भोजन तैयार किया जाता है। यहां सुबह पांच बजे से भोजन बनाने का कार्य प्रारंभ होता है और लगभग साढ़े दस बजे तक तैयार भोजन वाहनों के माध्यम से संबंधित विद्यालयों तक पहुंचा दिया जाता है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रसोई परिसर की स्वच्छता, भोजन निर्माण की प्रक्रिया, उपयोग में लाए जा रहे उपकरणों, बर्तनों तथा खाद्यान्न सामग्री का बारीकी से परीक्षण किया। जांच में भोजन तैयार करने के लिए उपयोग किए जा रहे खाद्य तेल और मसाले निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाए गए।
कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए कि प्रतिदिन तैयार किए जाने वाले भोजन का एक नमूना सुरक्षित रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसकी गुणवत्ता की जांच कराई जा सके। उन्होंने भोजन निर्माण और वितरण की प्रक्रिया में स्वच्छता संबंधी सभी मानकों का निरंतर पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
केंद्रीयकृत रसोई के निरीक्षण के बाद कलेक्टर श्रीमती पाल एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला, सुभाष नगर पहुंचीं। यहां उन्होंने विद्यार्थियों को परोसे जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मेनू के पालन तथा विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप भोजन की उपलब्धता का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शासन द्वारा निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन वितरित होता पाया गया।
व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता और स्वच्छता का स्तर भविष्य में भी इसी प्रकार बनाए रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक के.वी. सहित संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

