संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति पर जीतू पटवारी ने की संभागीय समीक्षा बैठक
भोपाल, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, भोपाल में जबलपुर, सागर, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग की संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मौजूदा गतिविधियों, आगामी कार्ययोजना, संगठन विस्तार और जिला से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा की गई।
बैठक में संगठन महामंत्री संजय कामले, प्रदेश महासचिव गौरव रघुवंशी सहित चारों संभागों के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों की प्रगति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और निर्धारित जिम्मेदारियों के निर्वहन की समीक्षा की गई।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए जिला, विधानसभा और बूथ स्तर पर नियमित गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया गया। साथ ही, संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और आगामी कार्ययोजना को समयबद्ध तरीके से लागू करने पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन और जनसंपर्क गतिविधियों को गति देने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाने, स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और संगठन की गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में आगामी दिनों की रणनीति के तहत संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और क्षेत्रवार गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। कांग्रेस नेतृत्व ने संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच समन्वय के साथ काम करने और जनता से जुड़े मुद्दों पर पार्टी की भूमिका को सक्रिय बनाए रखने पर जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

