भोपाल में निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज, कई इलाकों से अवैध कब्जे हटाए, सामान जब्त
भोपाल, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को व्यापक अभियान चलाते हुए विभिन्न क्षेत्रों से अवैध कब्जे हटाए। कार्रवाई के दौरान फुटपाथों और सड़कों पर लगाए गए ठेले, सब्जी दुकानें, पान पार्लर, अवैध शेड, चबूतरे, स्लैब और अन्य अतिक्रमण हटाए गए। निगम ने कार्रवाई के दौरान एक ठेला, 10 टेबल और 10 तिरपाल सहित अन्य सामान जब्त किया।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने मंगलवार को सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के साथ नियमित अभियान के तहत शहर के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कोलार की मंदाकिनी, बंजारी, अमर विहार, सनखेड़ी, प्रियंका नगर, ललिता नगर, डी-मार्ट क्षेत्र, दानिश चौराहा, चूनाभट्टी, नेहरू नगर, कलियासोत डैम, भारत माता चौराहा, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, लिंक रोड नंबर-1, 2 और 3, 11 नंबर स्टॉप, बाबड़िया कला, बाग सेवनिया, मिसरोद, रानी कमलापति क्षेत्र, एमपी नगर जोन-1, न्यू अदालत, जहांगीराबाद, रेतघाट, रवींद्र भवन, मिंटो हॉल, रायसेन रोड, अप्सरा टॉकीज, प्रभात चौराहा, मंडी चौराहा, अशोका गार्डन, पुष्पा नगर, आरिफ नगर और ईदगाह हिल्स सहित कई स्थानों पर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान ईदगाह हिल्स क्षेत्र से अवैध स्लैब हटाया गया। प्रियंका नगर में गणेश मंदिर के पीछे लगाए गए किचन गार्डन की अवैध जाली हटाई गई। अमर विहार और पुष्पा नगर से अवैध चबूतरे तोड़े गए, जबकि बंजारी सर्विस रोड से सड़क किनारे रखी बांस-बल्ली हटवाई गई। मंदाकिनी क्षेत्र से अवैध छप्पर हटाया गया और मिसरोद रोड पर यातायात में बाधा बन रहे एक चार पहिया वाहन को भी हटाया गया।
इसके अलावा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सड़क निर्माण कार्य में सहयोग करते हुए निगम अमले ने आरिफ नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क के बीच आ रहे एक मकान को हटाने की कार्रवाई भी की।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक मार्गों तथा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

