home page

बुरहानपुर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की निमाड़ में इन्वेस्टर्स समिट की घोषणा, खाई झाल मुड़ी, बोले- अब बंगाल को मिली आजादी

 | 
बुरहानपुर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की निमाड़ में इन्वेस्टर्स समिट की घोषणा, खाई झाल मुड़ी, बोले- अब बंगाल को मिली आजादी






बुरहानपुर/भोपाल, 06 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को बुरहानपुर के एक दिवसीय दौरे पहुंचे। यहां उन्होंने न केवल 'उद्यमी संवाद' कार्यक्रम में विचार साझा किए, बल्कि राजनीतिक मंच से विपक्ष पर भी तीखे प्रहार भी किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में आयोजित 'उद्यमी संवाद' कार्यक्रम में उद्योगपतियों से संवाद के दौरान निमाड़ क्षेत्र में 'इन्वेस्टर्स समिट' आयोजित करने की घोषणा की। इसके उपरांत, भाजपा के 'विजय उत्सव' में शामिल होकर उन्होंने मंच पर नेताओं के साथ झालमुड़ी का आनंद लिया और कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस दौरान उन्होंने बंगाल और असम में पार्टी की जीत पर खुशी जताते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे रेणुका माता हेलीपैड से सीधे ऑडिटोरियम पहुंचे थे। यहां उद्योगपतियों ने अपनी समस्याओं और मांगों से उन्हें अवगत कराया। डॉ. यादव ने कहा कि हमने निमाड़ में इन्वेस्टर्स समिट कराने का वादा किया था और हम इसे जरूर पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारिक कल्याण बोर्ड बनाने पर भी कैबिनेट में चर्चा हुई है, जो आगे चलकर जिला स्तर तक काम करेगा।

केला किसानों के लिए विशेष योजना और औद्योगिक विस्तार

मुख्यमंत्री ने बुरहानपुर के आर्थिक महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि यहां का व्यापार 400 करोड़ से दोगुना होकर 800 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार ने निंबोला औद्योगिक क्लस्टर के लिए 350 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। इस वर्ष को 'किसान कल्याण वर्ष' के रूप में समर्पित करते हुए सीएम ने आश्वस्त किया कि बुरहानपुर के केला किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने व्यापारिक कल्याण बोर्ड के गठन की बात कही, जो भविष्य में जिला स्तर तक सक्रिय होकर उद्यमियों की मदद करेगा।

मंच से झालमुड़ी का स्वाद और विपक्ष पर तीखा हमला

उद्योगपतियों से संवाद के बाद डॉ. यादव विधायक अर्चना चिटनिस द्वारा आयोजित 'विजय उत्सव' में शामिल हुए। हाल ही में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनावी परिणामों को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दाैरान सीएम ने मंच पर झालमुड़ी खाई और मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित अन्य विधायकों को भी खिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में बंटवारे और वंदे मातरम को बांटने का पाप कांग्रेस ने किया है। राम मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे देश ने मंदिर निर्माण का स्वागत किया, लेकिन कांग्रेस के नेता आज तक वहां दर्शन करने नहीं गए।

ममता और केजरीवाल पर साधा जमकर निशाना

पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री ने ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल जेल जाने के बाद भी कुर्सी नहीं छोड़ते और ममता बनर्जी बड़ी हार के बाद भी पद पर बनी हुई हैं। बंगाल की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि रबींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर नए मुख्यमंत्री का शपथ लेंगे, जाे इस बात का प्रतीक है कि बंगाल को 75 साल बाद सही मायनों में आजादी मिली है। उन्हाेंने कहा कि कहा कि बंगाल और असम के चुनाव में मुस्लिम समुदाय ने भी बड़े पैमाने पर भाजपा का साथ दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब बंगाल देश की मुख्यधारा के साथ कदम से कदम मिलाकर विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत