नर्मदापुरम: पिपरिया में बस-कार की भीषण टक्कर, 30 घायल, विधायक समेत अधिकारी अस्पताल पहुंचे
नर्मदापुरम, 02 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में मोहगांव के पास मंगलवार रात बस और कार की आमने-सामने टक्कर हाे गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 30 यात्री घायल हो गए। इनमें 15 घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, जबकि 9 घायलों को पिपरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की मौत नहीं हुई।
बीएमओ डॉ. राजकुमार देजवार के अनुसार, गंभीर घायलों में कई लोगों के सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। रेफर किए गए घायलों में पचमढ़ी निवासी पुरुषोत्तम (59), सुमित (38), सुलेखा (37), मनीष (19), करण (56), चेतना (6) और पुष्पा (36) शामिल हैं। इसके अलावा भोपाल की सुलेखा (45), श्रीधाम की रज्जो (50), मटकुली के अनिल (42), पिपरिया की पार्वती (47), जबलपुर के छोटेलाल (50), केशला के ललित (35) और कार चालक श्वेतांक राय को भी आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया।
बस में सवार यात्री मनीष ठाकुर ने आरोप लगाया कि बस तेज रफ्तार में चल रही थी और चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। यात्री के मुताबिक, कार से टक्कर के बाद बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे के बाद बस चालक माैके से फरार हाे गया। स्टेशन रोड थाना प्रभारी मदन पवार ने बताया कि पटेरिया बस एमपी 05 पीओ 282 की कार से टक्कर हुई थी। टक्कर के बाद बस पलट गई। हादसे में किसी की मृत्यु नहीं हुई है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को एंबुलेंस के जरिए दूसरे अस्पतालों के लिए रेफर किया गया।
विधायक समेत प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम आकिप खान, विधायक ठाकुरदास नागवंशी, कांग्रेस नेता हरीश बेमन, समाजसेवी मनीष पलिया, तहसीलदार वैभव बैरागी और नायब तहसीलदार श्याम सिंह तारे अस्पताल पहुंचे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने घायलों की स्थिति की जानकारी ली तथा उपचार और रेफरल की व्यवस्था में सहयोग किया। प्रशासन की टीम देर रात तक अस्पताल में मौजूद रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

