home page

झाबुआ: ग्राम पंचायत विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

 | 
झाबुआ: ग्राम पंचायत विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित


झाबुआ, 2 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिला पंचायत द्वारा ग्राम पंचायत विकास योजना (जी पी डी पी)के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला पंचायत सभागार में ट्रांसफोर्म रूरल इंडिया फाउंडेशन (TRI) के सहयोग से मंगलवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें जन योजना अभियान और ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर योजनाओं की अपलोडिंग, गतिविधि-आधारित बजट निर्माण और ग्राम स्तर के आंकड़ों के समन्वय की विस्तृत जानकारी दी गई। आयोजित कार्यशाला में जनपद पंचायतों के सीईओ अधिकारीगण एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भागीदारी की।

कार्यशाला में में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष रूप से जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि योजना निर्माण, बजट निर्धारण, ग्राम प्राथमिकताओं का चयन, सामाजिक निगरानी जैसे प्रक्रियाओं में स्वयं सहायता समूह की दीदियों की सक्रिय भागीदारी से योजनाएँ अधिक समावेशी और समुदाय-केंद्रित बनती हैं।

कार्यशाला में एक और जहां प्रतिभागियों को जी पी डी पी के लिए जन योजना अभियान, ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर योजनाओं की अपलोडिंग, गतिविधि-आधारित बजट निर्माण और ग्राम स्तर के आंकड़ों के समन्वय की विस्तृत जानकारी दी गई, वहीं प्रशिक्षकों ने वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से योजना दर्ज करने की चरणबद्ध प्रक्रिया तथा गतिविधियों के मानकीकरण को समझाया।

आयोजित कार्यशाला में ग्राम विकास कार्यों के बेहतर समन्वय हेतु दो प्रमुख समितियों ब्लॉक लेवल कोऑर्डिनेशन कमेटी और ग्राम पंचायत लेवल कोऑर्डिनेशन कमेटी के गठन पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन समितियों के माध्यम से विभागीय योजनाओं का समेकन, पारदर्शिता, सामुदायिक भागीदारी और विकास कार्यों की गति में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित होगा।

जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारियों ने जी पी डी पी के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जी पी डी पी केवल कागज़ी प्रक्रिया नहीं, बल्कि गाँव के भविष्य का ब्लूप्रिंट है। सही प्रशिक्षण और समन्वय से विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समुदाय आधारित बनाया जा सकता है।

कार्यशाला में पंचायत राज संचालनालय भोपाल से आए अंकित पटेल, जिला पंचायत झाबुआ से यश पंवार, ट्रांसफोर्म रूरल इंडिया फाउंडेशन टीम के ब्लॉक प्रबंधक विवेक पाण्डेय सहित जिला पंचायत के विविध विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा