home page

जबलपुर : चल रहे विकास कार्यो की वास्तविकता जानने निगमायुक्त का ताबड़तोड़ दौरा

 | 
जबलपुर : चल रहे विकास कार्यो की वास्तविकता जानने निगमायुक्त का ताबड़तोड़ दौरा


जबलपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। वीआईपी गाड़ी और प्रोटोकॉल को छोड़ निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने एक सामान्य गाड़ी से अधिकारियों की टीम के साथ शनिवार सुबह से पूरे शहर का पांच घंटे तक सघन दौरा किया। इस मैराथन दौरे के दौरान शहर के कई प्रमुख और विकासशील क्षेत्रों का जमीनी स्तर पर मुआयना किया।

निगमायुक्त ने दमोहनाका से लेकर आई.एस.बी.टी., इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग प्वाइंट, वेस्ट टू एनर्जी प्लांट और गार्डन लैंड फिल साइट का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सिविल लाइन, पचपेढ़ी और डुमना नेचर पार्क में चल रहे पौधारोपण कार्यों का जायजा लिया। पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 सितंबर के पहले तय लक्ष्य के अनुरूप विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाने का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए।

शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए चौराहों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी जोरों पर है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को काम में गुणवत्ता और तेजी लाने के निर्देश दिए गए। शहरवासियों को प्रकृति और संस्कृति से जोड़ने के लिए नगर निगम द्वारा महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में एक अभिनव पहल की जा रही है। शहर में कहीं 'अशोक वाटिका' तो कहीं 'सीता वाटिका' विकसित की जा रही है, जो आने वाले समय में शहर के प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेंगी।

निगमायुक्त ने बताया कि समय सीमा 15 सितंबर तय करके अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना और शहर को एक ग्रीन सिटी बनाने की दिशा में यह कदम बेहद प्रशंसनीय है। 'अशोक वाटिका' और 'सीता वाटिका' जैसे कॉन्सेप्ट शहर के सौंदर्यीकरण में एक नया और सांस्कृतिक आयाम से जोड़ेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक