home page

अनूपपुर से गुजरने वाली अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन अब दो दिन चलेगी, यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

 | 
अनूपपुर से गुजरने वाली अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन अब दो दिन चलेगी, यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा


अनूपपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए रेल संपर्क को और बेहतर बनाने की दिशा में रेलवे प्रशासन द्वारा गाड़ी अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन–अम्बिकापुर एक्सप्रेस को अब सप्ताह में दो दिन चलाने का आदेश सोमवार को जारी कर दिया हैं। यह गाडी अब प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को चलेगी।

ज्ञात हो कि रेलवे बोर्ड ने इस गाडी को 22 जून 2026 को सप्ताह में दो दिन चलाने का आदेश दिया था। किन्तु बिलासपुर जोन ने इसके संचालन का आदेश आदेश आज जारी किया हैं।

बिलासपुर मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी अम्बिकेश साहू ने सोमवार को बताया कि अनूपपुर होकर चलने वाली अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन–अम्बिकापुर एक्सप्रेस यात्रियों की सुविधा एवं अम्बिकापुर क्षेत्र से अब यह ट्रेन निजामुद्दीन से 04 अक्टूबर 2026 से तथा अम्बिकापुर से 06 अक्टूबर 2026 से साप्ताहिक के स्थान पर सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। ट्रेन नंबर 22408 हजरत निजामुद्दीन–अम्बिकापुर एक्सप्रेस वर्तमान में प्रत्येक मंगलवार को संचालित होती है। अब यह ट्रेन 04 अक्टूबर 2026 (रविवार) से प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को चलेगी।

इसी प्रकार ट्रेन नंबर 22407 अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस वर्तमान में प्रत्येक गुरुवार को संचालित होती है। अब यह ट्रेन 06 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) से प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार को चलेगी। ट्रेन की वर्तमान समय-सारणी, मार्ग, ठहराव, एवं कोच संरचना में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। केवल इसकी आवृत्ति में वृद्धि की गई है। इस ट्रेन के सेवा आवृत्ति में वृद्धि से अम्बिकापुर, सरगुजा क्षेत्र सहित इस मार्ग के यात्रियों को हजरत निजामुद्दीन एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की यात्रा के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में अधिक विकल्प मिलेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला