अनूपपुर: राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मीयों काे पुलिस अधीक्षक ने दी श्रद्धांजलि
अनूपपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पुलिस लाइन में बुधवार को जिला पुलिस बल अनूपपुर द्वारा पुलिस लाइन मैदान में 'पुलिस स्मृति दिवस' का अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं भावपूर्ण आयोजन किया गया। जिले में राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस पर देश के लिए शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस और सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने शहीदों के स्मारक पर फूल चढ़ाकर उन्हें याद किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब ने देश की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहने और शहीदों के बलिदान को व्यर्थ न जाने देने का संकल्प लिया और शहीद पुलिस जवानों की याद में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
यह दिवस देश की रक्षा, सुरक्षा एवं जन-सेवा के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की स्मृति, सम्मान और उनके सर्वोच्च बलिदान को याद करने के लिए समर्पित रहा।
अनुशासित परेड और अमर शहीदों को सलामी
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस लाइन के प्रांगण में आयोजित भव्य एवं अनुशासित पुलिस स्मृति दिवस परेड के साथ हुआ। इस परेड का कुशल एवं प्रभावी नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक ज्योति दुबे द्वारा किया गया। परेड के जवानों ने पूर्ण अनुशासन, निष्ठा और सम्मान के साथ अमर शहीदों की वेदी पर नमन करते हुए उन्हें शस्त्र सलामी दी।
पुष्पांजलि अर्पण एवं श्रद्धांजलि
स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम, सेनानी (होमगार्ड) सहित जिला पुलिस प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों कर्मचारियों एवं अमर शहीदों के परिवार जनो ने शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन एवं चक्र (पुष्पांजलि) अर्पित कर अमर शहीदों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि समर्पित की।
शहीद परिवारों का ससम्मान अभिनंदन
'पुलिस स्मृति दिवस' के इस विशेष एवं संवेदनशील अवसर पर जिले के अमर शहीदों के परिवारजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। पुलिस प्रशासन द्वारा शहीद परिवारों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें ससम्मान श्रद्धांजलि अर्पित कराई गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं शहीद परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना, उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं के संबंध में चर्चा की और आश्वस्त किया कि पुलिस परिवार सदैव उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि, कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले हमारे वीर जवानों का यह अदम्य साहस और अमर बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों एवं समूचे पुलिस बल के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। शहीदों के परिवारों की देखरेख और सम्मान करना हमारा नैतिक दायित्व है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

