home page

अनूपपुर में हाथियों पर हाईटेक निगरानी: इंफ्रारेड ड्रोन से ट्रैकिंग, रातभर चला विशेष गश्ती अभियान

 | 
अनूपपुर में हाथियों पर हाईटेक निगरानी: इंफ्रारेड ड्रोन से ट्रैकिंग, रातभर चला विशेष गश्ती अभियान


अनूपपुर में हाथियों पर हाईटेक निगरानी: इंफ्रारेड ड्रोन से ट्रैकिंग, रातभर चला विशेष गश्ती अभियान


अनूपपुर, 02 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में हाथियों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष रात्रिकालीन गश्ती अभियान चलाया। अनूपपुर और जैतहरी वन परिक्षेत्रों में संचालित इस अभियान में आधुनिक तकनीक के साथ जमीनी सतर्कता का प्रभावी समन्वय देखने को मिला।

वन मंडल अधिकारी डेविड चेन्नाप और उपवन मंडल अधिकारी प्रीतेश पकालें ने स्वयं मैदानी अमले के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर गश्त का नेतृत्व किया। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी से न केवल सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हुई, बल्कि कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ा।

अभियान को व्यापक रूप देने के लिए जैतहरी, राजेंद्रग्राम, कोतमा और अमरकंटक वन परिक्षेत्रों की टीमों ने आपसी तालमेल के साथ संयुक्त गश्त की। खराब मौसम और तेज तूफान जैसी विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वन अमला पूरी रात मुस्तैदी से डटा रहा।

हाथियों की गतिविधियों पर सटीक नजर रखने के लिए इस बार आधुनिक तकनीक का सहारा लिया गया। नाइट विजन युक्त इंफ्रारेड ड्रोन के माध्यम से हाथियों की लगातार ट्रैकिंग की गई, जिससे उनके मूवमेंट की सटीक जानकारी मिलती रही और उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ने से समय रहते रोकने में सफलता मिली।

वन विभाग ने केवल निगरानी तक ही सीमित न रहते हुए ग्रामीणों से सीधा संवाद भी स्थापित किया। टीमों ने गांवों में पहुंचकर लोगों को हाथियों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए और सतर्कता बरतने की सलाह दी, ताकि मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति से बचा जा सके।

विभाग ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता जताते हुए भरोसा दिलाया है कि हाथियों से हुए नुकसान के मुआवजा दावों का शीघ्र और मानवीय आधार पर निपटारा किया जाएगा। साथ ही जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए व्हाट्सएप, पोस्टर और ऑडियो संदेशों के जरिए भी लगातार सूचना प्रसारित की जा रही है।

वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे सतर्क रहें, रात के समय अकेले बाहर न निकलें और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। अभियान के दौरान परिक्षेत्र अधिकारी विवेक मिश्रा, शिवम् कोश्ती, हरीश तिवारी और वीरेंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य विभागीय कर्मचारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला