अनूपपुर: एसपी के निर्देश बाद रात को सड़कों पर उतरी पुलिस, बाइक पर तीन सवारी पर कार्रवाई की चेतावनी
अनूपपुर , 27 अक्टूबर27 (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के प्रभार में आए नए पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशों के बाद मंगलवार की शाम जिला मुख्यालय अनूपपुर की सड़कों पर पुलिस की चहल कदमी ने नगरवासियों को आकर्षित किया, एक ओर जहां थाना प्रभारी अमले के साथ शहर के मुख्य बाजार में पैदल भ्रमण किया, वहीं शहर के दूसरे छोर पर पुलिस अधिकारियों का अमला मुख्य चौक चौराहों पर नजर आया।
इस दौरान पुलिस जवानों ने संदिग्ध वाहनों की जांच पड़ताल के साथ बाइक पर तीन सवारी पर चालकों पर कार्रवाई की चेतावनी दी तो कार चालक को भी सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने के सलाह दिए। लगभग दो घंटे तक मोबाइल वाहन से भी शहर के अन्य सड़कों पर भी गश्त किए। इस दौरान सड़क से शरारती तत्वों का जमावड़ा भी कही नजर नहीं आया। पुलिस की मौजूदगी के कारण सड़क पर यातायात सामान्य बने रहे। यह दृश्य सिर्फ अनूपपुर में नहीं, बल्कि जैतहरी, कोतमा, भालूमाड़ा, बिजुरी, रामनगर सहित अन्य थाना क्षेत्रों में भी बना।
उल्लेखनीय है कि अनूपपुर जिले के पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के हैदराबाद प्रशिक्षण पर रवानगी के उपरांत उनके प्रशिक्षण काल के दौरान अनूपपुर जिले के कानून व्यवस्था बनाए रखना, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग की जिम्मेदारी संभालने वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अंकित सोनी ने अनूपपुर जिले के कप्तान की जिम्मेदारी संभालते शाम को अनूपपुर नगर सहित जैतहरी क्षेत्र का निरीक्षण किया। अनूपपुर नगर के सामतपुर तिराहा, रेलवे अंडर ब्रिज, अमरकंटक तिराहा, इंदिरा तिराहा का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय बाजार और भीड़ भीड़ में कम पुलिसिंग व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते जिले सभी थाना और चौकी प्रभारियों को प्रत्येक शाम 6.30 से 8.30 बजे तक पुलिसिंग व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए, जिसमें पुलिस अधिकारी और जवानों को उपस्थित रहने होंगे जो संदिग्ध वाहनों की जांच, यातायात व्यवस्था, वाहनों की बेतरतीब पार्किंग, सड़क पर अनावश्यक लोगों की एकत्रित भीड़ सहित महिला सुरक्षा पर नजर रखेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

