home page

अनूपपुर: पैसे मांगने पर युवक भड़के, रेलवे स्टेशन पर 10 वर्षीय बच्चे को खंभे से बांधने का मामला, 6 आरोपी हिरासत में

 | 
अनूपपुर: पैसे मांगने पर युवक भड़के, रेलवे स्टेशन पर 10 वर्षीय बच्चे को खंभे से बांधने का मामला, 6 आरोपी हिरासत में


अनूपपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक 10 वर्षीय बच्चे को रस्सी से खंभे में बांधने का मामला सामने आने के बाद जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और मीडिया में आने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज एवं वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।

जीआरपी थाना प्रभारी पी.एस. कुलस्ते ने बताया कि हिरासत में लिए गए छह आरोपियों में चार नाबालिग हैं, जबकि दो बालिग युवकों की पहचान 18 वर्षीय टीकाराम काछी, निवासी कोतमा, तथा टेक इस्लाम, निवासी अनूपपुर, के रूप में हुई है। सभी के विरुद्ध बाल संरक्षण अधिनियम की धारा 75 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित 10 वर्षीय बालक लावारिस है और रेलवे स्टेशन के आसपास भीख मांगकर अपना जीवनयापन करता है। सोमवार को वह रेलवे स्टेशन के बाहर मौजूद इन युवकों से पैसे मांग रहा था। पैसे देने से इनकार करने के बावजूद जब वह उनका पीछा करता रहा, तो आरोपियों ने उसे रस्सी से रेलवे स्टेशन के एक पिलर से बांध दिया।

जीआरपी ने बताया कि बालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मेडिकल-लीगल केस (एमएलसी) रिपोर्ट में उसके साथ मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है। बालक को आगे की देखभाल एवं संरक्षण के लिए बाल संरक्षण गृह भेजा जा रहा है।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की गई है। नियमानुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें नोटिस पर रिहा करने की कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला