home page

आगरमालवा : नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर दर्शन करने आए नासिक के युवक की मौत

 | 
आगरमालवा : नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर दर्शन करने आए नासिक के युवक की मौत


आगरमालवा, 30 सितंबर (हि.स.)। आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्व सिद्ध पीठ मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने आए नासिक के करीब 30 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मंगलवार रात दर्शन के बाद युवक अपने साथियों के साथ मंदिर परिसर के डोम क्षेत्र के पास खड़ा था। इसी दौरान उसे अचानक चक्कर आया और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 8 बजे महाराष्ट्र के नासिक से करीब 35 से 40 लोगों का दल मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए नलखेड़ा पहुंचा था। दर्शन-पूजन के बाद दल में शामिल रोहित पिता नाना खेरनार (30), निवासी सुंदरवन तिडके नगर, ऊंटवाड़ी, प्रियंका पार्क, त्रिमूर्ति चौक, नासिक, मंदिर परिसर में डोम के समीप अपने साथियों के साथ बातचीत कर रहा था।

इसी दौरान रोहित को अचानक तेज चक्कर आया और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। युवक के गिरते ही साथियों ने इसकी सूचना मंदिर प्रबंधन को दी। जानकारी मिलते ही मां बगलामुखी मंदिर प्रबंध समिति के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और युवक को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल नलखेड़ा ले जाया गया।

सिविल अस्पताल में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय यादव सहित अन्य चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया। युवक को बचाने के लिए सीपीआर सहित हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच में युवक की मौत का संभावित कारण अचानक आया हार्ट अटैक माना जा रहा है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया गया कि मृतक रोहित इंटीरियर डिजाइनर था और अपने दोस्तों के साथ धार्मिक यात्रा पर निकला था। नासिक से आए दल ने पहले उज्जैन में महाकाल मंदिर के दर्शन किए थे। इसके बाद सभी लोग नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे।

मंदिर में दर्शन के बाद अचानक हुई युवक की मौत से उसके साथ आए श्रद्धालुओं में शोक की लहर फैल गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद नासिक में मृतक के परिजनों और परिचितों के बीच भी मातम का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा