home page

युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ रही सेवा संकल्प यात्रा: हेमांग जोशी

 | 
युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ रही सेवा संकल्प यात्रा: हेमांग जोशी


भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी इंदौर प्रवास के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कार्यक्रमों में हुए शामिल

इंदौर/भोपाल, 21 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी ने सोमवार को अपने दो दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत इंदौर और धार जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इंदौर ग्रामीण के बेटमा में उन्होंने वडनगर से निकली सेवा संकल्प यात्रा का स्वागत कर यात्रियों के साथ सहभागिता की। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य युवाओं को सेवा, समाज और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है।

पत्रकारों से चर्चा में हेमांग जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भाजयुमो की ओर से वाराणसी और वडनगर से सेवा संकल्प यात्राएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि ये यात्राएं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर युवाओं को सेवा गतिविधियों और सामाजिक कार्यों से जोड़ रही हैं।

गांवों में सेवा गतिविधियों पर जोर

हेमांग जोशी ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा के दौरान युवा ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय लोगों के बीच जाकर विभिन्न सेवा प्रकल्पों में भाग ले रहे हैं। स्वच्छता, पौधरोपण और जनजागरण जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। उनके अनुसार, यात्रा युवाओं को समाज के बीच जाकर लोगों की आवश्यकताओं को समझने और जनभागीदारी के माध्यम से काम करने का अवसर दे रही है।

उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों तक वे भी यात्रा के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रहकर विभिन्न सेवा गतिविधियों में शामिल होंगे। उन्होंने युवाओं से देश की सामाजिक परिस्थितियों और स्थानीय जरूरतों को समझते हुए सेवा कार्यों में भागीदारी बढ़ाने की बात कही।

हेमांग जोशी ने कहा कि युवाओं को केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर समाज के बीच संवाद और जनभागीदारी के माध्यम से अपनी भूमिका निभानी चाहिए। विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं के यात्रा से जुड़ने से संगठनात्मक संपर्क के साथ समाज के अलग-अलग वर्गों से सीधा संवाद भी बढ़ रहा है।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

इंदौर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्षहेमांग जोशी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रमों और उनके बयानों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रमों में विषय-वस्तु की तुलना में उनके जनसंपर्क तंत्र से तैयार सामग्री पर अधिक निर्भरता दिखाई देती है। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं को भ्रमित करने के बजाय सेवा, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने की जरूरत है। यह भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का राजनीतिक आरोप है।

बेटमा में कई कार्यक्रमों में शामिल हुए

बेटमा में सेवा संकल्प यात्रा के स्वागत के बाद युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्षहेमांग जोशी ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और पूर्व मंत्री स्वर्गीय निर्भय सिंह पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद धार स्थित भोजशाला में मां वाग्देवी की पूजा-अर्चना की और गुरुद्वारे में माथा टेका। उन्होंने कुंडेश्वर महादेव मंदिर में अभिषेक-पूजन भी किया।

शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय, छोटा बेटमा में उन्होंने पौधरोपण किया और विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। बाद में कवि सम्मेलन में भी शामिल हुए।

कार्यक्रम में प्रदेश शासन के मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, विधायक नीना वर्मा, मनोज पटेल, जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, मनोज ठाकुर सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

मंगलवार काे नदी में बोरी बंधान और गौशाला की सफाई

सेवा संकल्प यात्रा मंगलवार को भी जारी रहेगी। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्षजोशी सुबह 9 बजे सांदीपनि विद्यालय, बाकानेर में पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद गटवाल नदी में यात्रा के साथ बोरी बंधान के सेवा कार्य में हिस्सा लेंगे। पिपलदागड़ी में गौशाला की सफाई और ग्रामीण परिवारों द्वारा लाए गए टिफिन के साथ समरसता भोज में शामिल होंगे।

इसके बाद यात्रा खरगोन जिले के भट्टियान पहुंचेगी, जहां मछुआरा समाज के सम्मेलन में शामिल होकर गोताखोरों का सम्मान किया जाएगा। दिन के अंत में सनावद में युवा संवाद कार्यक्रम को जोशी संबोधित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे